SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

महाराष्ट्र MLC चुनावः BJP-शिवसेना पर भारी पड़े शरद पवार, RSS के गढ़ में कांग्रेस जीती

महाराष्ट्र में विधान परिषद की 5 सीटों पर हुए चुनावों में शरद पवार की पार्टी ने 2 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस, बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) को एक-एक सीट मिली है. नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर कांग्रेस ने जीत हासिल करके सबको चौंका दिया है.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 29, 2026, 10:27 AM IST | Updated: Oct 29, 2026, 10:31 AM IST
Image Credit: महाराष्ट्र MLC चुनाव में महायुति को झटका
Join

महाराष्ट्र में विधान परिषद की 5 सीटों पर हुए चुनावों के नतीजे सामने आ गए हैं. इन चुनावों में सत्ताधारी महायुति को बड़ा झटका लगा है. राज्य की कुल 5 सीटों में से 3 पर विपक्षी महाविकास अघाड़ी गठबंधन ने सफलता हासिल की है. चुनाव से पहले तक बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) क्लीन स्वीप के दावे कर रही थी, लेकिन शरद पवार ने एक बार फिर से साबित कर दिया कि महाराष्ट्र के 'चाणक्य' वही हैं. शरद पवार की रणनीति के आगे बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजीत पवार गुट) को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. दलीय आधार से देखा जाए, तो भी शरद पवार की पार्टी सबसे आगे निकल गई. शरद पवार की पार्टी ने 2 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस, बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) को एक-एक सीट मिली.

RSS-BJP के गढ़ में जीती कांग्रेस

खास बात यह है कि RSS के गढ़ यानी नागपुर में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की. नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर हुए कड़े मुकाबले में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वंजारी को जीत हासिल हुई. अभिजीत वंजारी ने बीजेपी उम्मीदवार को 3,271 वोटों से हराया है. इस तरह से वे लगातार दूसरी बार इस सीट से MLC चुने गए हैं. नागपुर सीट पर कांग्रेस का जीतना बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि यहीं पर RSS का मुख्यालय है. इसके अलावा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह नगर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का संसदीय क्षेत्र है.

कामयाबी के बाद क्या बोले अभिजीत वंजारी?

अपनी जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए अभिजीत वंजारी ने कहा कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. वंजारी ने मतदाताओं से मिले समर्थन पर भरोसा जताते हुए कहा कि बीजेपी ने इन चुनावों में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी, उनके बड़े नेता नागपुर में मौजूद थे, लेकिन मतदाता हमारे साथ थे.

किस सीट से कौन जीता?

  1. पुणे शिक्षक एमएलसी सीट से बीजेपी के कौस्तुभ गावड़े जीते.
  2. अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना (शिंदे) उम्मीदवार किरण सरनाईक ने जीत दर्ज की.
  3. नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने परचम लहराया.
  4. पुणे स्नातक सीट पर एनसीपी (शरद पावर) गुट की हर्षदा देशमुख-जाधव को कामयाबी मिली.
  5. छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर एनसीपी (शरद पावर) गुट के डॉ. प्रतापसिंह पाटिल ने जीत दर्ज की.

CM फडणवीस को डिलीट करना पड़ा पोस्ट

नागपुर MLC चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को BJP पर निशाना साधने का मौका दे दिया है. नतीजों से पहले ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट करके कांग्रेस पर तंज कसा था. उन्होंने कांग्रेस को 'बिग फैट जीरो' यानी शून्य सीटें मिलने की बात लिखी थी. हालांकि, जब नतीजे आए तो नागपुर में ही कांग्रेस जीत गई. इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने ट्वीट को डिलीट कर दिया. इस पर अब कांग्रेस ने पलटवार किया है. महाराष्ट्र कांग्रेस ने पलटवार करते हुए लिखा कि फडणवीस ने ट्वीट डिलीट करके एक बार फिर सावरकर की विरासत को बचा लिया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES