)
Patakha Burning Incidents: महाराष्ट्र में एक शख्स के पटाखे से जलने का मामला सामने आया है. यहां कल्याण पूर्व में एक दोपहिया वाहन से पेट्रोल लीक हो रहा था कि तभी उसे ठीक करने पहुंचे शख्स के कपड़ों पर पटाखों की एक चिंगारी जा गिरी. इस घटना में युवक आग की लपटों में घिरकर बुरी तरह झुलस गया.
युवक शरीर में आग की लपटों में लिपटा हुआ सड़क के बीचों-बीच दौड़ने लगा. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसके जलते हुए कपड़ों को हटाकर उसकी जान बचाई. यह खौफनाक घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. घायल युवक का नाम सचिन बताया जा रहा है.
कल्याण पूर्व में F-केबिन के पास साईराज कॉलोनी इलाके में एक युवक अपने दोपहिया वाहन से हो रहे पेट्रोल लीकेज को ठीक करने के लिए रुका था. उसी समय पटाखों की एक चिंगारी उसके कपड़ों पर जा गिरी, जिससे सचिन सिंह के शरीर में तुरंत आग लग गई. जब वह आग की लपटों में लिपटा हुआ सड़क पर दौड़ने लगा, तो वहां मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और उसके जलते हुए कपड़ों को हटाकर उसकी जान बचाई. इस घटना में युवक 18 प्रतिशत तक झुलस गया है. फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
दिवाली में आमतौर पर कई लोग खूब पटाखे जलाते हैं. इससे प्रदूषण को तो नुकसान होता ही है, साथ में गंभीर चोट लगने का खतरा भी रहता है. दिल्ली में भी 8-9 नवंबर 2026 के बीच पटाखे और दीयों से जुड़ी चोट के लगभग 500 मामले सामने आए. 'HT'की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के कई अस्पतालों के आंकड़ों के मुताबिक इन चोटों में आंखों की चोट, जलने के मामले और शरीर में बाहरी कणों के धंसने के मामले सामने आए. 'HT' की ओर से अलग-अलग अस्पतालों से जुटाए गए डेटा के मुताबिक, सबसे ज्यादा मामले गुरु तेग बहादुर अस्पताल में 172 मरीज पहुंच, इसके बाद AIIMS दिल्ली में 152, सफदरजंग अस्पताल में 142, ML अस्पताल में18 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मामले सामने आए.
महाराष्ट्र के पुणे में भी दिवाली के मौके पर पटाखे से आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं, जिसके चलते दमकलकर्मी रातभर एक्टिव रहे. इन घटनाओं में किसी के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है. बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े जाने से शहर की एयर क्वालिटी पर भी असर पड़ा. नागपुर में भी देव नगर चौक के पास सावरकर नगर में स्थित 'साई डायनामिक्स TVS' शोरूम में भीषण आग लग गई. इस आग में कई गाड़ियां जलकर नष्ट हो गए. बताया जा रहा है कि शोरूम के शेड में पटाखों की वजह से आग लगी, जो इमारत के निचले हिस्से तक फैल गई. इस घटना से काफी नुकसान हुआ.