कोच्चि मिनी कूपर हादसे में बड़ा खुलासा: खून में मिली 5 गुना ज्यादा शराब, 19 साल के सुहैल की रिपोर्ट देख पुलिस भी सन्न!
केरल के कोच्चि में 11 अक्टूबर को तेज रफ्तार मिनी कूपर कार से स्कूटर सवार तीन युवाओं को रौंदने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपी 200 प्लस की स्पीड से कार दौड़ा रहा था और उसने बहुत ज्यादा शराब पी रखी थी.
केरल के कोच्चि में हुए सड़क हादसे में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. स्कूटर को जोरदार टक्कर मारने वाला 19 साल का सुहैल शराब के नशे में इतना टल्ली था कि उसकी ब्लड रिपोर्ट देख पुलिस भी हैरान है. आरोपी की मेडिकल रिपोर्ट बता रही है कि सुहैल के खून में शराब की मात्रा तय कानूनी सीमा से 5 गुना ज्यादा पाई गई है. यानी वह नशे में पूरी तरह धुत्त होकर गाड़ी दौड़ा रहा था.
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे से ठीक पहले आरोपी और उसके दोस्तों ने अलग-अलग बारों में जाकर शराब पी थी. इस दर्दनाक हादसे में एक हैंडीक्राफ्ट शॉप में काम करने वाले तीन मासूम युवाओं की जान चली गई थी.
ब्लड में 5 गुना निकली अल्कोहल की मात्रा
एर्नाकुलम के एक सीनियर पुलिस अफ़सर के मुताबिक, भारत में गाड़ी चलाते वक्त खून में शराब की कानूनी लिमिट 100 मिलीलीटर में 30 मिलीग्राम तय है, लेकिन हादसे के तुरंत बाद 11 अक्टूबर को जब सुहैल का ब्लड टेस्ट हुआ, तो उसमें शराब की मात्रा तय सीमा से 5 गुना ज्यादा थी. इससे साफ पता चलता है कि वो बहुत ज्यादा नशे में गाड़ी भगा रहा था.
मोड़ पर स्कूटर को मारी थी टक्कर
यह दर्दनाक हादसा 11 अक्टूबर की सुबह-सुबह नेदुम्बसेरी में कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाली सड़क पर हुआ था. जिसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि सुहैल अपनी काली मिनी कूपर कार को तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था. तभी एक तीखे मोड़ पर उसका कार से कंट्रोल छूट गया और उसने आगे चल रहे स्कूटर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
रात की शिफ्ट खत्म कर घर लौट रहे थे तीनों साथी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक हवा में उड़ गए. एक्सीडेंट होते ही वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान वायनाड की देविका (21), पलक्कड़ की गोपिका (22) और कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के रहने वाले एजाज (21) के रूप में हुई है. ये तीनों कोच्चि में एक ही हैंडीक्राफ्ट शॉप पर काम करते थे और रात की शिफ्ट के बाद घर लौट रहे थे.
सीसीटीवी फुटेज में शराब पीते दिखे आरोपी
पुलिस जांच में पता चला है कि हादसे से पहले 10 अक्टूबर की शाम और 11 अक्टूबर की रात सुहैल और उसके दोस्तों ने कोच्चि के कई बार में शराब पी थी. इसके बाद वो नेदुम्बसेरी में एयरपोर्ट के पास स्थित एक अन्य बार में दो और दोस्तों से मिले थे, जहां उन्होंने फिर से शराब पी. पुलिस ने इन सभी बार के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं, जिनमें सुहैल और उसके साथी खुलेआम शराब पीते साफ नजर आ रहे हैं.
गैर-इरादतन हत्या का केस
इस मामले में सुहैल और उसके साथी निनव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है. दोनों की उम्र 18 से 21 साल के बीच होने के चलते उन्हें त्रिक्काकरा स्थित बोरस्टल स्कूल (युवा कैदियों की जेल) में न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. पुलिस ने सुहैल के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.
पुलिस ने किया जमानत का कड़ा विरोध
अंगमाली कोर्ट में पेश की गई रिमांड रिपोर्ट में पुलिस ने आरोपी की जमानत का कड़ा विरोध किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी का परिवार पैसे और रसूख के मामले में बहुत ताकतवर है, इसलिए अगर वह जेल से बाहर आया तो गवाहों को डरा-धमका सकता है और सबूत मिटा सकता है.
मां ने बर्थडे पर गिफ्ट की थी कार
जानकारी के अनुसार, जिस मिनी कूपर कार से यह एक्सीडेंट हुआ, वह सुहैल को इसी साल उसके बर्थडे पर उसकी मां नूहा सजीव ने गिफ्ट की थी. आरोपी की मां कोच्चि में एक बड़ा बुटीक चलाती हैं, जिसके बाहर CPI(M) के छात्र संगठन SFI ने जोरदार विरोध प्रदर्शन भी किया. पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करने की तैयारी में है. चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के बाद जब आरोपी सुहैल को पकड़ा था तो उसने कहा था कि उसके पिता सब संभाल लेंगे.
ये भी पढ़ें: 'पत्नी अर्धांगिनी होती है...': मेरठ के अमित हत्याकांड में क्यों हुआ 'सावित्री' का जिक्र? 3 दिन में 4 को फांसी