फैंसी नंबर वाली कार से पीछा, टक्कर मारकर उड़ा दी स्कूटी, फिर रॉड से कुचला सिर... संभाजीनगर में मर्डर से सहमे लोग
महाराष्ट्र के संभाजीनगर में सड़क पर सरेआम मर्डर से सनसनी मची है. बार में बाउंसर एक व्यक्ति ने पहले अपनी गाड़ी से दोस्त की स्कूटी में टक्कर मार दी. इसके बाद रॉड निकालकर उसका सिर कुचल दिया.
महाराष्ट्र के संभाजीनगर जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. शराब के बार में बाउंसर का काम करने वाले एक व्यक्ति ने अपने सहकर्मी बाउंसर की बेरहमी से हत्या कर दी. उसने पहले अपनी गाड़ी से साथी की स्कूटी का पीछा किया. इसके बाद तेज स्पीड में उसकी स्कूटी में टक्कर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया. इतने पर भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ. वह गाड़ी से रॉड लेकर नीचे उतरा और अचेत हो चुके साथी के सिर पर ताबड़तोड़ वार करके उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद वह गाड़ी लेकर वहां से भाग निकला. उसकी यह करतूत वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई.
'838' नंबर प्लेट वाली कार से किया दोस्त का पीछा
सिडको के इंस्पेक्टर अतुल येरमे के मुताबिक, पवन पराशर (22) और देवेश उर्फ बंटी दीक्षित (36) एक शराब बार में बाउंसर के रूप में काम करते थे. किसी बात को लेकर दोनों में तनातनी हो गई. इसके बाद से वानखेड़े नगर का रहने वाला पवन पराशर उसे ठिकाने लगाने की साजिश रचने लगा.
आखिरकार उसे मौका मिल गया. वह अपनी फैंसी '838' नंबर प्लेट वाली कार लेकर जा रहा था. तभी उसे सड़क पर देवेश अपनी स्कूटी पर जाता हुआ दिखाई दिया. उसे देखते ही पवन पराशर का खून खौल गया. उसने उसी वक्त देवेश का काम तमाम करने का फैसला कर लिया.
कार से मारी टक्कर, फिर रॉड से सिर पर किए वार
उचित जगह की तलाश में उसने देवेश की स्कूटी का पीछा शुरू कर दिया. सिडको के एन-7 इलाके में मंगेश गैस एजेंसी के पास उसने देवेश दीक्षित की स्कूटी में पीछे से जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी स्कूटी करीब 150 फीट दूर जा गिरी और देवेश उछलकर जोर से सड़क पर गिरा. नीचे गिरते ही देवेश हड्डियां टूटने और घायल होने की वजह से खून से लथपथ हो गया.
उसे टक्कर मारने के बाद पवन पराशर पहले तो तेज स्पीड में गाड़ी को आगे ले गया. इसके बाद वह कार को यू-टर्न करके वापस आया और साइड में गाड़ी लगाकर रॉड लेकर बाहर निकला. घायल देवेश के पास पहुंचकर उसने रॉड से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए. जब वह बिल्कुल शांत हो गया तो पवन पराशर अपनी गाड़ी लेकर वहां से निकल गया.
बाद में थाने में जाकर कर दिया सरेंडर
सड़क पर सरेआम हुए इस मर्डर से वहां खलबली मच गई. पवन पराशर के भागने के बाद लोग घायल देवेश दीक्षित की ओर भागे और पुलिस को मामले की सूचना दी. जानकारी मिलते ही थाने के इंस्पेक्टरों समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक देवेश दम तोड़ चुका था. वहीं, पवन पराशर ने वारदात के बाद सिडको पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया.
ये भी पढ़ें- पहले मां का कत्ल, फिर शव पर चढ़ाया प्लास्टर, 2 महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा कातिल बेटा; हैरान कर देगा मामला
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब उस वजह को जानने की कोशिश कर रही है, जिसके चलते इस बर्बर हत्याकांड को अंजाम दिया गया. इसके साथ ही आरोपी के पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाला रहा है. यह देखा जा रहा है कि कहीं पवन पराशर आदतन अपराधी तो नहीं है. जो इस तरह की वारदात को पहले से अंजाम देता आ रहा हो.