DMK ने किया परिसीमन बिल के समर्थन का ऐलान, 8 महीने में उत्तर-दक्षिण के बीच खाई पटने की इनसाइड स्टोरी
नए परिसीमन बिल का ड्राफ्ट सामने आने के बाद संकेत मिलने लगे थे कि पिछले सत्र में इस बिल के विरोध में 99 सीटों वाली कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आवाज बुलंद करने वाली कुछ पार्टियां, आधी आबादी यानी महिलाओं को नारी शक्ति वंदन बिल के प्रावधानों का तत्काल फायदा दिलाने कांग्रेस का 'हाथ' झटककर दूरी बना सकती हैं.
चेन्नई में डीएमके की बैठक में केंद्र सरकार के परिसीमन बिल को समर्थन देने का प्रस्ताव पास हो गया है. यूं तो डीएमके चीफ एमके स्टालिन ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट लिखकर संकेत दे दिए थे कि अगर नए परिसीमन बिल में उनकी दो मांगें पूरी हुईं तो डीएमके, किसी की भी परवाह किए बगैर तमिलनाडु के लोगों के हित में अपना समर्थन दे देगी. इस बीच आइए आपको ये किस्सा बताते हैं कि जिस बीजेपी की छोटी-छोटी बातों और प्रस्तावों तक पर आंखें तरेरने वाली डीएमके (DMK) जिसे भगवा पार्टी के समर्थक एंटी सनातनी बताते थे, वो आखिर कैसे मान गई.
परिसीमन बिल को समर्थन देने का ऐलान
चेन्नई में पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में, डीएमके ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का प्रस्ताव पारित किया है. सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले, मोदी कैबिनेट ने एक नया विधायी पैकेज मंजूर किया है. जिसमें 'संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026' और 'परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026' शामिल हैं.
इसी नए बिल में बीजेपी और डीएमके के नजदीक आने का राज छिपा है.
पिछली बार जब ये परिसीमन बिल 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में एक पैकेज के रूप में पेश हुआ था, उसमें परिसीमन विधेयक, 2026 और संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल थे. 17 अप्रैल 2026 को मतदान के दौरान संविधान (131वां संशोधन) विधेयक गिर गया था. पिछली बार उपस्थित और मतदान करने वाले 528 सदस्यों में से विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े थे, जबकि जरूरी दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटों की जरूरत थी.
50 फीसदी वाले फॉर्मूले पर मानी डीएमके
सरकार ने बीते शुक्रवार को नए परिसीमन बिल का जो ड्राफ्ट जारी किया, आइए पहले उसके बारे में आपको बताते हैं.
महिला आरक्षण और परिसीमन- मुख्य बातें
लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50% की बढ़ोतरी होगी.
लोकसभा की अधिकतम संख्या बढ़कर 850 हो जाएगी.
राज्य विधानसभाओं की अधिकतम संख्या बढ़कर 650 हो जाएगी.
131वां संशोधन: राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर होगा.
132वां संशोधन: निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण (redrawal) के लिए 2011 की जनगणना का आधार लिया जाएगा.
एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी.
SC/ST महिलाओं को भी इसी एक-तिहाई कोटे में शामिल किया जाएगा.
महिला आरक्षण को 2026 की जनगणना से अलग रखा जाएगा.
यह आरक्षण 15 वर्षों तक लागू रहेगा, जिसमें तीन कार्यकाल शामिल होंगे.
आरक्षित सीटें अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों के बीच रोटेट (बारी-बारी से बदलती रहेंगी) होंगी.
संसद की मंजूरी के बाद एक नया परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा.
2029 के चुनावों से पहले निर्वाचन क्षेत्रों का नया नक्शा तैयार हो जाएगा.
सीटों का बंटवारा और निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण 2051 तक के लिए फ्रीज (स्थिर) कर दिया जाएगा.
तीन विधेयक: दो संविधान संशोधन और एक केंद्र शासित प्रदेश (UT) से जुड़ा संशोधन.