SIR पर विपक्ष के विरोध के बीच CEC ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ी, Z+ सुरक्षा कवर में हुआ और इजाफा
CEC ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अब ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा में CISF के साथ-साथ RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है. उनके आवास के अलावा निर्वाचन सदन के बाहर भी सुरक्षाबलों का सख्त पहरा रहेगा.
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन आज (गुरुवार, 8 अक्टूबर) लगातार तीसरे दिन भी जारी है. इस बीच सरकार ने CEC ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मुख्य चुनाव आयुक्त के दिल्ली स्थित आवास के अलावा चुनाव आयोग कार्यालय और पर्सनल सिक्योरिटी में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई. निर्वाचन सदन की सुरक्षा में अब CISF के साथ-साथ RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है. नई व्यवस्था के मुताबिक, सीईसी ज्ञानेश कुमार के आवास के आसपास 24 घंटे सुरक्षाबल के जवानों का पहरा रहेगा. सूत्रों के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार के घर के नजदीक तक प्रदर्शनकारियों के पहुंच जाने के कारण उनकी सुरक्षा में बढ़ोतरी की गई है.
बता दें कि ज्ञानेश कुमार को पहले से Z+ सुरक्षा मिली हुई है. अब उनकी सुरक्षा कवर में और ज्यादा इजाफा किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, सिक्योरिटी एजेंसियों को ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा में बड़े खतरे के इनपुट मिले हैं. हाल ही में उनके आगरा स्थित घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने यहां ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके आवास के मुख्य द्वार और दीवार पर 'स्प्रे पेंट' से नारे लिख दिए थे. इस घटना के बाद इस आवास के बाहर भी पुलिस का सख्त पहरा बिठा दिया गया है.
दूसरे राज्यों से बुलाए गए जवान
बीजेपी कार्यालय की सुरक्षा भी टाइट कर दी गई है. इतना ही नहीं, विपक्ष के प्रदर्शन को देखते हुए 8 अक्टूबर स 12 अक्टूबर तक दिल्ली में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. सूत्रों के मुताबिक, दूसरे राज्यों से CRPF की 221 कंपनियों को दिल्ली बुलाया गया है. इन्हें राजधानी की सभी महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, ऐतिहासिक इमारतों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात किया जाएगा. इनकी जिम्मेदारी होगी कि प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत ना हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे.
कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से लंच का आयोजन
उधर, दूसरी ओर कांग्रेस पिछले तीन दिनों से सड़क पर है. कांग्रेस पार्टी ने आज अपने सभी सांसदों और मुख्यमंत्रियों को दिल्ली बुलाया है. कांग्रेस के प्रदर्शन में INDIA ब्लॉक के भी कई दल शामिल हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से आज विपक्षी सांसदों के लिए लंच आयोजित किया गया है. जानकारी के मुताबिक, यह लंच कार्यक्रम आज दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल स्थित मोएट्स में रखा गया है. इस लंच में ही इस आंदोलन के आगे की रणनीति तय की जा सकती है.