गुवाहाटीः कामाख्या रेलवे स्टेशन पर 57 बांग्लादेशी अरेस्ट, श्रीनगर में करते थे कबाड़ी का काम
गुवाहटी के कामाख्या रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ब्रह्मपुत्र मेल से करीब 57 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए लोगों ने खुद को बांग्लादेश का नागरिक बताया है और वे अवैध रूप से भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में रह रहे थे. वापस बांग्लादेश जाने के दौरान आरपीएफ ने उनको दबोच लिया.
असम में एक बार फिर से बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक, कामाख्या रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गुरुवार (9 अक्टूबर) को 57 लोगों को हिरासत में लिया है. सभी के बांग्लादेशी नागरिक होने का संदेह है. RPF ने इन सभी संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन से पकड़ा गया है. आरपीएफ की ओर से इसकी पुष्टि कर दी गई है. आरपीएफ को संदेह है कि ये लोग जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से फरार होकर यहां पहुंचे थे. पकड़े गए लोगों ने खुद स्वीकार किया कि वह बांग्लादेशी नागरिक हैं और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से आ रहे थे.
श्रीनगर में करते थे कबाड़ी का काम
गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वह लोग श्रीनगर में कबाड़ी का काम करते थे. हाल ही में जम्मू-कश्मीर सरकार ने वहां अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की है. पकड़े जाने के डर से सभी वहां से भाग निकले और अब असम के रास्ते वापस बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रहे थे. इसके लिए वे ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन के जरिए यहां पहुंचे थे. मंजिल तक पहुंचने से पहले ही रेलवे पुलिस ने उन्हें कामाख्या रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया. आरोपियों का कहना है कि वह बांग्लादेश जाना चाहते हैं. उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाए.
हाल ही में पकड़े गए थे 17 घुसपैठिए
बता दें कि पिछले दो दिनों के दौरान गुवाहाटी में अलग-अलग अभियानों में कम से कम 17 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कुलेन्द्र नाथ डेका के अनुसार, इन लोगों पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का आरोप है. कुलेन्द्र नाथ डेका ने बताया कि बीते मंगलवार (6 अक्टूबर) को नियमित जांच के दौरान पलटन बाजार रेलवे स्टेशन के पास लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच से 5 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया था.
पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इन लोगों ने मेघालय के डावकी मार्ग से भारत में प्रवेश किया था. इसके बाद वे 5 अक्टूबर को गुवाहाटी पहुंचे थे और एक होटल में ठहरे थे. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार लोगों में से एक ने होटल के बारे में जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की तथा पान बाजार पुलिस थाने में मामला दर्ज किया. फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है.
रिपोर्ट- शरीफुद्दीन अहमद