बदल जाएगा देश का चुनावी नक्शा: लोकसभा में होंगी 800+ सीटें, यूपी विधानसभा में 600 प्लस विधायक; 15 प्वाइंट्स में समझें पूरा गणित
संविधान का 132वां संशोधन विधेयक 2026 केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन मेघवाल पेश करेंगे. आइए 15 प्वाइंट्स में जानते हैं अगर ये विधेयक कानून बन गया तो क्या कुछ बदलेगा.
संसद का स्पेशल सेशन 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है. इस सेशन में सरकार परिसीमन विधेयक पास कराने की तैयारी में है. माना जा रहा है कि सरकार ने इसके लिए जरूरी नंबर जुटा लिए हैं. अगर संसद में नया परिसीमन बिल पास हो जाता है, तो भारत का चुनावी नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा. लोकसभा में सीटों की संख्या 543 से दो तिहाई बढ़कर 815 हो सकती है. मतलब ये कि मौजूदा संख्या में 272 सीटों का इजाफा होगा. सीटों के बढ़ने का सीधा मतलब है कि संसद और विधानसभाओं में आम जनता की आवाज को पहले से ज्यादा प्रतिनिधित्व मिलेगा.
सीटों का बढ़ना सिर्फ नंबरों का खेल नहीं है, बल्कि इसके पीछे परिसीमन, जनसंख्या और राज्यों के बीच पावर बैलेंस का बड़ा गणित है. खासकर उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सीटें बढ़ने से सियासी दलों की स्ट्रैटेजी, चुनावी समीकरण और कैंडिडेट सिलेक्शन पर बड़ा असर पड़ेगा. बीजेपी, सपा, कांग्रेस और बसपा को नए क्षेत्रों में पैठ बनाने के लिए अपनी रणनीति बदलनी होगी. फिलहाल 800 प्लस लोकसभा और यूपी में 600 प्लस विधानसभा सीटों पर फाइनल फैसले और ऑफिशियल नोटिफिकेशन का इंतजार है.
बिल के पास होने पर क्या बदलेगा?
अब आपको 15 प्वाइंट्स में यह समझना चाहिए कि इस बिल के पास होने के बाद देश की राजनीति किस दिशा में जा सकती है. नीचे जानिए लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों सहित क्या-क्या बदलेगा.
- यह बिल पास हुआ तो लोकसभा और विधानसभा की सीटों में सीधे 50% का इजाफा होगा.
- लोकसभा की कुल सीटें बढ़कर मैक्सिमम 815 तक पहुंच सकती हैं.
- राज्यों की विधानसभा सीटों की मैक्सिमम लिमिट बढ़कर 600 प्लस हो जाएगी.
- यूपी विधानसभा में विधायकों की संख्या 403 से बढ़कर 600 प्लस हो जाएगी.
- राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के हिसाब से ही होगा.
- सीटों की बाउंड्री दोबारा तय करने के लिए 2011 की जनगणना को बेस बनाया जाएगा.
- कुल सीटों में से एक-तिहाई (33%) सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व हो सकती हैं.
- SC/ST वर्ग की महिलाओं को भी इसी एक-तिहाई कोटे के अंदर हिस्सेदारी मिलेगी.
- महिला आरक्षण को 2026 की जनगणना की प्रक्रिया से बिल्कुल अलग रखा जाएगा.
- यह महिला आरक्षण अगले 15 साल यानी लगातार तीन कार्यकाल तक लागू रहेगा.
- महिलाओं के लिए रिजर्व सीटें अलग-अलग चुनाव क्षेत्रों में बारी-बारी से रोटेट होती रहेंगी.
- संसद से बिल पास होने के बाद एक नया परिसीमन आयोग बनाया जाएगा.
- साल 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले चुनाव क्षेत्रों का नया नक्शा पूरी तरह तैयार हो जाएगा.
- सीटों का यह नया बंटवारा और सीमांकन साल 2051 तक के लिए फ्रीज (लॉक) कर दिया जाएगा.
- नए बंटवारे और सीमांकन के लिए कुल तीन बिल लाए जाएंगे, दो संविधान संशोधन से जुड़े और एक केंद्र शासित प्रदेश (UT) से जुड़ा बिल.
ये भी पढ़ें: EXPLAINER: क्या विपक्ष संसद में रोक पाएगा परिसीमन बिल? जानिए क्या है INDIA गठबंधन की तैयारी