मंडी में बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरी कार; 6 युवकों की दर्दनाक मौत
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल में मंगलवार देर रात एक कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार छह युवकों की मौत हो गई.
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया. जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में कार सवार छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खाई में गिरने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. एक साथ छह युवाओं की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार देर रात लडभड़ोल पेट्रोल पंप के समीप पेश आया. बताया जा रहा है कि सभी युवक किसी समारोह में शामिल होने के लिए सिमस गए हुए थे. वहां से वापस लौटते समय उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खड्ड में जा गिरी. हादसे के बाद से युवक लापता थे, लेकिन दुर्घटना का पता बुधवार दोपहर को चल पाया.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर लडभड़ोल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शवों को खाई से निकालकर आगामी कार्रवाई शुरू की.
मृतकों की पहचान यश पुत्र राम लाल निवासी डाकघर सिमस, आयुष (19) पुत्र विनोद कुमार निवासी सिमस, पंकज पुत्र पराक्रम निवासी गवाला, आदित्य (18) पुत्र अजय कुमार निवासी बलोह, अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी बलोह तथा एक अन्य युवक के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि मृतक युवक लडभड़ोल बाजार में दुकानें और व्यवसाय करने वाले परिवारों से संबंधित थे. इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा.
(मंडी से नितेश सैनी की रिपोर्ट)