)
यमुनानगर के बुढ़िया रोड से खारवन की ओर जाने वाले रास्ते पर नाएगांव के पास देर रात प्लास्टिक के कट्टे से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव से दूर तक दुर्गंध आने के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बुढ़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटना वाली जगह की जांच करवाई. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े एक प्लास्टिक के कट्टे से दुर्गंध आने पर संदेह जताया. जब उन्होंने पास जाकर देखा तो कट्टे से एक व्यक्ति की टांगें बाहर निकली हुई थीं. इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने संबंधित बुढ़िया थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम घटना वाली जगह पर पहुंची.
जांच में क्या आया सामने?
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए जांच की. प्रारंभिक जांच में व्यक्ति की हत्या तेजधार हथियार से किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, हत्या के कारणों और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मृतक की पहचान की जा रही है
राहगीर कृष्णा देवी और रीना देवी सहित थाना प्रभारी लखविंदर सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को शव मिलने की सूचना राहगीरों के माध्यम से मिली थी. फिलहाल मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस इस मामले को प्रथम दृष्टया ब्लाइंड मर्डर के रूप में देखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है.
रात सड़क किनारे कट्टे में शव मिलने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना, हत्या के कारणों का पता लगाना और इस वारदात में शामिल लोगों तक पहुंचना है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी.
(यमुनानगर से कुलवंत सिंह की रिपोर्ट)