SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

करनाल में दो गुटों की भिड़ंत, गई आर्यन की जान, आरोपियों के एनकाउंटर पर अड़ा परिवार

हरियाणा के करनाल से एक मामला सामने आया है, जहां मेन मार्केट में सोमवार को दो गुटों के बीच मारपीट हुई. आरोप है कि कार सेल-परचेज ऑफिस के ऊपर बने कमरे में हुक्का पी रहे चार दोस्तों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया

Written By Akanchha Singh
Published: Oct 13, 2026, 01:23 PM IST | Updated: Oct 13, 2026, 02:00 PM IST
Join

करनाल के सेक्टर-14 के मेन मार्केट में सोमवार को दो गुटों के बीच मारपीट हो गई. आरोप है कि कार सेल-परचेज ऑफिस के ऊपर बने कमरे में मौजूद चार दोस्तों पर लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला किया गया. इस घटना में आर्यन की मौत हो गई, जबकि साहिब समेत अन्य युवक घायल हो गए. शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने आर्यन पर चाकू से कई वार किए और उसके सिर पर भी हमला किया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने छह नामजद युवकों और 8 से 10 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या समेत अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, आर्यन के परिजन आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक वे न तो पोस्टमार्टम करवाएंगे और न ही शव को उठाने देंगे.

दोपहर करीब 3 बजे कमरे में पहुंचे हमलावर
12 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे करनाल के सेक्टर-14 की मेन मार्केट में एक कार बिक्री कार्यालय के ऊपर बने कमरे में कुछ युवक पहुंचे. पुलिस को दिए बयान में मॉडल टाउन निवासी साहिब ने बताया कि वह अपने दोस्तों आर्यन, करण वर्मा और चिराग के साथ कमरे में मौजूद था. चारों वहां हुक्का पी रहे थे. इसी दौरान दक्ष जाट, उत्कर्ष जाट, हरदीप, भव्य जाट, काकुन तनेजा और प्रिंस गुज्जर समेत 8 से 10 अन्य युवक वहां आ गए. साहिब के मुताबिक, आरोपियों के पास लाठी-डंडे और चाकू थे.

आर्यन की छाती और सिर पर किए चाकू से वार
साहिब ने आरोप लगाया कि कमरे में घुसते ही युवकों ने आर्यन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने उसकी छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए. इसके अलावा सिर पर भी जान से मारने की नीयत से कई वार किए. जब साहिब और उसके अन्य दोस्तों ने आर्यन को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. साहिब के मुताबिक, इस दौरान उसे और हरीश उर्फ करण को भी चोटें आईं. हमला करने के बाद आरोपी चाकू और डंडे लहराते हुए मौके से भाग गए.

खून से लथपथ आर्यन को अस्पताल लेकर पहुंचे दोस्त
साहिब ने बताया कि हमले के बाद दोस्तों ने घायल आर्यन को कमरे से नीचे उतारा. उसके शरीर से काफी खून बह रहा था. वहां मौजूद अन्य लोगों की मदद से निजी गाड़ी का इंतजाम किया गया और आर्यन को नागरिक अस्पताल करनाल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए उसे रेफर कर दिया. इसके बाद दोस्त उसे इलाज के लिए करनाल के अस्पताल लेकर गए. यहां से भी डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में भेज दिया.

कहां मिली सूचना? 
शिकायतकर्ता के अनुसार, आर्यन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया. इसके बाद साहिब को फोन पर सूचना मिली कि पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में उसके दोस्त आर्यन की मौत हो गई. साहिब ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार आर्यन को तीन चोटे पाई गई, जो किसी धारदार चीज की है.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस कार्रवाई के अनुसार, थाना सिविल लाइन करनाल से पुलिस चौकी को फोन पर सूचना मिली कि सेक्टर-14 की मुख्य मार्केट में कुछ युवकों के साथ मारपीट हुई है. सूचना मिलने पर एसआई सुंदर, एएसआई विनोद और सिपाही ज्वाला सिंह मौके पर पहुंचे और एफएसएल की टीम को बुलाया गया. एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए.

पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, आर्यन को विर्क अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना मिलने पर एसआई सुंदर अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे. लेकिन आर्यन ब्यान देने के लिए फिट नहीं था. इसके बाद पुलिस घायलों की सूचना और मेडिकल रिपोर्ट लेने के लिए सिविल अस्पताल पहुंची, जहां साहिब ने अपना बयान दर्ज कराया. साहिब की मेडिकल रिपोर्ट में एक चोट दर्ज की गई, जो धारदार वस्तु से लगी बताई गई है.

अन्य युवकों पर हत्या का केस दर्ज
साहिब के बयान और दोनों मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दक्ष जाट, उत्कर्ष जाट, हरदीप, भव्य जाट, काकुन तनेजा, प्रिंस गुज्जर और 8-10 अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया. थाना सिविल लाइन करनाल में 12 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया. मामला बीएनएस की धारा 191(3), 190, 115, 118(1), 103(1), 351(3) और 333 के तहत दर्ज हुआ है. मामले की जांच एएसआई विकास को सौंपी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

(करनाल से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES