App

4 बार हुए UPSC में नाकाम, लेकिन फिर भी नहीं छोड़ी तैयारी, अब HPSC में छठे रैंक से चमके रजत फोगाट

Rajat Phogat: हरियाणा HPSC की परीक्षा में चरखी दादरी के रजत फोगाट ने जनरल कैटेगरी में छठा रैंक हासिल किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है. रजत की सफलता पर परिवार वालों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया.

4 बार हुए UPSC में नाकाम, लेकिन फिर भी नहीं छोड़ी तैयारी, अब HPSC में छठे रैंक से चमके रजत फोगाट

Haryana News: हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षा में चरखी दादरी के गांव ढाणी फोगाट के बेटे रजत फोगाट ने जनरल कैटेगरी में छठा रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. रजत की इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है. परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई और रजत का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी.

कितनी बार UPSC में हुए असफल?
रजत फोगाट की सफलता के पीछे वर्षों का संघर्ष, निरंतर मेहनत और असफलताओं से लड़ने का जज्बा है. रजत ने बताया कि वो चार बार UPSC की परीक्षा में असफल रहे, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी तैयारी जारी रखी. लगातार प्रयास और दृढ़ संकल्प के दम पर आखिरकार उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल कर ही लिया.

रजत ने क्या कहा?
रजत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को असफलता से निराश नहीं होना चाहिए. मेहनत करते रहना चाहिए, क्योंकि असफलता और सफलता दोनों का अनुभव करने के बाद जब मंजिल मिलती है तो उसकी खुशी का एहसास ही अलग होता है.

HPSC परीक्षा में छठा स्थान हासिल करने पर रजत फोगाट ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें जो पद मिला है, उसे लेकर वह बेहद उत्साहित हैं. उनका उद्देश्य ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करना है. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद आमजन की समस्याओं का समाधान करना और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी.

रजत फोगाट के पिता ने क्या बोला?   
रजत फोगाट के पिता बलराज फोगाट एचडी स्कूल अध्यापक हैं, रजत ने अपनी स्कूली शिक्षा एचडी स्कूल, बिरोहड़ से पूरी की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से बीएससी और किरोड़ीमल कॉलेज से भौतिकी विषय में एमएससी की डिग्री हासिल की. रजत इससे पहले तीन बार UPSC मेंस परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं. इसके अलावा वो एक बार HCS और एक बार इंडियन फॉरेस्ट सर्विस की परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं. लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रयास करते हुए अब HPSC में छठा रैंक हासिल करना उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है.

रजत फोगाट की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, परिचितों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. ग्रामीणों ने कहा कि रजत ने अपनी उपलब्धि से न केवल परिवार और गांव, बल्कि पूरे चरखी दादरी जिले का मान बढ़ाया है. उनकी संघर्षपूर्ण यात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा है कि लगातार प्रयास और धैर्य से लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए.

(चरखी दादरी से सुरेंद्र सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More