App

Instagram पोस्ट पर हंसने वाले इमोजी से शुरू हुआ विवाद, फिर लोहे की रॉड से बाउंसर की कर दी हत्या

Haryana News: फरीदाबाद के तिलपत गांव में बाउंसर वली मोहम्मद की हत्या कैसे हुई इसकी वजह सामने आ गई है. पुलिस के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करने को लेकर साकिर और साहिर उर्फ गुड्डू के बीच झगड़ा हुआ था.

Instagram पोस्ट पर हंसने वाले इमोजी से शुरू हुआ विवाद, फिर लोहे की रॉड से बाउंसर की कर दी हत्या

Faridabad News: फरीदाबाद के तिलपत गांव में बाउंसर वली मोहम्मद की हत्या के मामले का खुलासा हुआ है.  पुलिस जांच के दौरान पता चला कि करीब दो हफ्ते पहले इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट पर कमेंट को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था. इस पोस्ट में सुक्खी शूटर लिखने को लेकर भी विवाद सामने आया. इस मामले में ये भी आरोप है कि 8 अक्टूबर को इसी रंजिश के चलते वली मोहम्मद पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने अब 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

कैसे शुरू हुआ विवाद? 
मिली जानकारी के अनुसार, साकिर नाम के लड़के ने अपने इंस्टाग्राम पर एक गाने के साथ फोटो पोस्ट की थी. इसके कमेंट में वली के पक्ष के साहिर उर्फ गुड्डू (17) ने हंसने वाला इमोजी कमेंट कर दी. इसके बाद साकिर और साहिर के बीच फोन पर इस बात को लेकर बहस हो गई. आरोप है कि साकिर ने साहिर को धमकी दी थी कि गांव लौटने पर उससे हिसाब करेगा.

बता दें कि साहिर फरीदाबाद के तिलपत गांव का रहने वाला है, लेकिन वो नूंह के बीसरू गांव में अपनी बुआ के घर रहकर 12वीं की पढ़ाई करता है. वहीं 8 अक्टूबर को वो अपने बुआ के लड़के वली मोहम्मद के साथ तिलपत आया. दोनों साहिर के ताऊ के नए घर में आयोजित कार्यक्रम में आए थे.    

बीच-बचाव करने पहुंचे वली पर हमला
परिवार वालों के अनुसार, वली मोहम्मद करीब चार साल बाद अपने मामा के घर आया था.  वो अपनी परिवार, मां जुनैदा, छोटे भाई आदिल, पत्नी, तीन बेटियों और इकलौते बेटे के साथ गांव आया था. वहीं परिवार का प्लान  9 अक्टूबर को वापस बीसरू लौटने का था. साहिर 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे गांव पहुंचा था. दोपहर लगभग 3 बजे के आसपास वो जब गली से गुजर रहा था, तो साकिर ने अपने साथियों को देख कर कहा कि टारगेट याद हैं. शाम के समय साहिर घर के बाहर खड़ा था. आरोप है कि इस दौरान साकिर तेज रफ्तार बाइक लेकर आया और उसे टक्कर मार दी. इसके तुरंत बाद दोनों पक्षों में लड़ाई होने लगी. साहिर के पिता तैय्यब और वली मोहम्मद ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद सारे अपने घर चले गए.          

कैसे की हत्या? 
परिवार वलों का आरोप है कि इसके बाद साकिर ने अपने साथियों और परिवार वालों को इकट्ठा किया. कुछ ही देर बाद साहिर के ताऊ के घर के बाहर तैय्यब और वली मोहम्मद पर तलवार, कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर दिया गया. आरोप है कि साहिल ने वली को जमीन पर गिराकर लोहे की रॉड से कई बार मारा. हमले में वली गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं दूसरी तरफ वली के चचेरे भाई ने बताया कि पड़ोस के एक मकान की छत से ईंटें फेंकी जा रहे थे. इस कारण से लोग घायलों की मदद के लिए आगे नहीं आ सके. जैसे ही वहां से हमलावर फरार हो गए परिवार वालों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने वली मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया. वहीं तैय्यब का इलाज जारी है.      

आठ आरोपी गिरफ्तार
वहीं  पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के अनुसार, पुलिस ने अभी तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से चार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. वहीं 4 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले में कुल 24 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.      

(फरीदाबाद से जय प्रकाश की रिपोर्ट) 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More