App

हरियाणा में सिर्फ 5 हजार में लगेगा सोलर पैनल, किन परिवारों को मिलेगा फायदा

हरियाणा में दीपावली पर अंत्योदय परिवारों को सोलर पैनल लगाने में राहत मिल सकती है. योजना के तहत पात्र परिवारों को केवल 5 हजार रुपये देने होंगे, जबकि बाकी खर्च केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर उठाएगी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद फाइल नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय को भेजी गई है.

हरियाणा में सिर्फ 5 हजार में लगेगा सोलर पैनल, किन परिवारों को मिलेगा फायदा
Image Credit: Zee media File photo

हरियाणा में लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है. दरअसल, दीपावली पर अंत्योदय परिवार मात्र पांच हजार रुपये में घर की छत पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं. इसके बाद का सारा खर्च केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर देगी. इसकी मंजूरी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी है. वहीं  वित्त विभाग ने भी मुहर लगाकर फाइल को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय को भेज दिया है.      

कैसे मिलेगा लाभ? 
इसकी खुशखबरी आने वाले 20 दिनों के अंदर अंत्योदय परिवार को मिल सकती है. इसे लेकर दूसरी खास बात ये है कि सोलर पैनल बिजली निगम की संबंधित शाखा लगाकर देगी. इसमें वो खुद वेंडर्स से संपर्क करेंगे और अंत्योदय परिवार को योजना का लाभ दिलवाएंगे. बता दें कि अंत्योदय परिवार को केवल अपने डॉक्टूमेंट पोर्टल पर अपलोड करने होंगे. इसके बाद संबंधित शाखा के अधिकारी उस आवेदन की मॉनिटरिंग कर कार्य को गति देंगे, जिससे ये पता चल सके कि आवेदन किस चरण में पहुंचा है और कितने दिन में योजना का लाभ मिलेगा.  

पांच हजार में लगेगा का सोलर पैनल
योजना के तहत अंत्योदय परिवार जैसे ही दस्तावेज प्रक्रिया पूरी कर लेता है, तो SDO और एक्सईएन की ये जिम्मेदारी रहेगी कि वो अंत्योदय परिवार को पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल का लाभ पहुंचाए. वहीं इससे पहले परिवार को केवल 5 हजार का टोकन लेना होगा, जिसे दिखाकर बिजली निगम की विशेष टीम घर की छत पर सोलर पैनल लगाएगी. परिवार को वेंडर्स से संपर्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.        

कितने उपभोक्ताओं ने उठाया लाभ
हरियाणा के हिसार में पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ 8150 उपभोक्ता उठा चुके हैं.  वहीं इसके लिए साढ़े तेरह हजार से ज्यादा आवेदन पहुंचे हैं. साथ ही साढ़े पांच हजार से ज्यादा आवेदन लटके हुए हैं.  13,200 उपभोक्ताओं ने वेंडरों को सेलेक्ट कर लिया है. हिसार के प्रथम डिवीजन में लगभग 4400 और हिसार द्वितीय डिवीजन में करीब 3100 उपभोक्ताओं ने उपरोक्त योजना का लाभ उठाया है.    

यह है पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 फरवरी 2024 को इस योजना की शुरुआत की थी. इसके तहत देश के एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है. योजना के जरिए पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल सकता है. योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे ज्यादा क्षमता के पैनल पर अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है.

कौन से परिवार है इसमें शामिल?  
अंत्योदय परिवारों में ऐसे परिवार शामिल हैं, जिनकी सालाना आय 1.80 लाख रुपये से कम है और जिनके पास अपनी जमीन नहीं है. इसके अलावा विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समुदायों के लोगों, विधवाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और पारंपरिक ग्रामीण कारीगरों को भी संबंधित पात्रता मानकों के अनुसार लाभ मिल सकता है. इनमें रिक्शा चालक, कुली, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, कुम्हार, बढ़ई, बुनकर और लोहार जैसे कामगार शामिल हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More