PM मोदी के 25 साल पूरे होने पर गुरुग्राम में भव्य आयोजन, अमित शाह ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां
Gurugram Seva Jyoti Yatra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है. इस मौके पर गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए.
Gurugram News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 साल का कार्यकाल आज पूरा हो गया है. इसे लेकर आज गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिरकत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है.
क्या कहा गृह मंत्री अमित शाह ने?
उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार में जन्मे व्यक्ति ने अपने गुणों के आधर पर करोड़ों लोगों को साथ लेकर 25 साल तक लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है. ये व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि हमारे प्रिय नेता नरेंद्र मोदी हैं. जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, मोदी के इन 25 सालों को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा.
अमित शाह ने कितनी उपलब्धियों को रखा लोगों के सामने?
उन्होंने आगे कहा कि ये गरीबी से मुक्ति, धारा 370 हटाना, सुरक्षित भारत, नक्सलवाद खत्म करना, राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का मंदिर बनाना, देश में इन्फ्रास्ट्रक्र और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का सफर रहा है. हमने अभी प्रधानमंत्री जी को सुना है. अब युवा सेवा ज्योति यात्रा लेकर यहां से करीब 800 मीटर दूर चौराहे पर जाएंगे, जहां मशाल स्थापित की जाएगी.
स्मृति ईरानी पहली बार पहुंची गुरुग्राम
वहीं स्मृति ईरानी हरियाणा BJP की प्रभारी बनने के बाद पहली बार पहुंची. वो अमित शाह के साथ गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुईं. पार्टी ने उन्हें 23 सितंबर को हरियाणा प्रभारी बनाया. इससे पहले उन्हें 27 सितंबर को भिवानी में एक सम्मेलन शामिल होना था, लेकिन वो वहां नहीं पहुंच पाई थी. इसके बाद जींद में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी सामने आई थी. आज वो गुरुग्राम के कार्यक्रम में आईं. इस दौरान उनके साथ पार्टी के सह प्रभारी भोला सिंह भी रहे.
क्यों लगा जाम?
वहीं लेजर वैली पार्किंग आज विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की गई थी. यहां सुबह से ही वाहनों का आना शुरू हो गया था. सुबह दस बजे तक दिल्ली-जयपुर हाईवे, सोहना रोड, राजीव चौक, इफको चौक और सिग्नेचर टावर के आसपास लंबा जाम लग गया. वहीं शहर के अंदर भी कई जगह जाम की स्थिति थी. ऐसे में पुलस को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. कई जगह पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट किया. इस दौरान लोगों से लेकर स्कूल जाने वाले बच्चों तक को परेशानी का सामना करना पड़ा.
इसके बाद कार्यक्रम के खत्म होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का काफिला निकला. काफिला निकलते ही दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया. गुरुग्राम जाने वाली लेन में राजीव चौक से लेकर शंकर चौक तक गाड़ियों की लाइने लग गई.