)
Faridabad News: फरीदाबाद में अवैध कॉलोनियों में प्लॉटिंग के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई कर दी है. विभाग की टीम ने बासेलवा और कनवार गांव के रेवेन्यू इलाके में विकसित की जा रही 4 अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ अभियान चलाया. इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में JCB की मदद से अवैध निर्माण को हटाया गया.
अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बासेलवा गांव के रेवेन्यू इलाके में करीब 4 एकड़, 3 एकड़ और 3 एकड़ जमीन पर 3 अलग-अलग अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं. वहीं कनवारा गांव में लगभग 2 एकड़ इलाके में एक अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी चल रही थी. सूचना के बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों जगहों पर कार्रवाई की.
कितनी बाउंड्री वॉल तोड़ी
अभियान के दौरान कॉलोनियों में प्लॉट तैयार करने क लिए बनाए गए सड़क नेटवर्क को JCB से उखाड़ दिया गया. इसके अलावा 20 DPC यानी निर्माण की शुरुआती नींव और 18 बाउंड्री वॉल को भी ध्वस्त किया गया. टीम ने मौके पर बने 6 अन्य स्ट्रक्चर को भी गिराया. वहीं, दो निर्माणाधीन वर्कशॉप पर भी कार्रवाई की गई.
भारी पुलिस बल रहा तैनात
तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान किसी तरह की परेशानी या विरोध की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था. टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारी यजन चौधरी भी मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी की. अधिकारियों ने प्लॉटिंग करने वालों को आगे बिना परमिशन कॉलोनी विकसित नहीं करने की चेतावनी दी.
प्लॉट खरीदने वालों से सावधानी की अपील
विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनधिकृत कॉलोनी में जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच जरूर करें. अधिकारियों का कहना है कि प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से ये पता कर लेना चाहिए कि कॉलोनी को विकसित करने की परमिशन मिली है या नहीं.
अधिकारी यजन चौधरी के अनुसार, अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. उन्होंने लोगों से नियमों की जानकारी लेने और पूरी जांच के बाद ही जमीन खरीदने की अपील की, जिससे बाद में उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े. बासेलवा में करीब 4, 3 और 3 एकड़ जमीन पर तीन अलग-अलग कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं, जबकि कनवारा में करीब 2 एकड़ क्षेत्र में कॉलोनी बसाने की तैयारी थी. विभाग ने प्लॉटिंग करने वालों को बिना अनुमति कॉलोनी विकसित नहीं करने की चेतावनी दी है.
(फरीदाबाद जय प्रकाश की रिपोर्ट)