यही तो हरियाणा कांग्रेस है: CEC के खिलाफ प्रोटेस्ट में आपस में भिड़ गईं 2 कांग्रेस लीडर्स, हाथापाई हो गई!
हरियाणा में चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के 'रोष मार्च' के दौरान दो महिला कांग्रेस नेत्रियों पराग शर्मा और गजना लांबा के बीच हाथापाई हो गई. एक ने दूसरी को तमाचा मार दिया है. करीब 27 सेकंड का वीडियो वायरल है. मामला थाने पहुंच गया है.
मौका तो था चुनाव आयुक्त और सरकार के खिलाफ प्रोटेस्ट का. मगर हरियाणा कांग्रेस ने इसे अपनी गुटबाजी दिखाने के लिए अच्छे से भुना लिया. इस बार बारी थी महिला कांग्रेस लीडर्स की. वैसे तो हरियाणा कांग्रेस मशहूर है अपनी गुटबाजी के लिए. मगर हाथापाई की नौबत आ जाएगी इसकी उम्मीद कम थी. मगर इस बार वो भी हो गया. फरीदाबाद में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने मार्च निकाला था. इस दौरान दो कांग्रेस नेत्रियों के बीच हाथापाई का मामला सामने आ गया. अब पैदल मार्च से ज्यादा ये बवाल चर्चा में है.
असल में हुआ यह कि ओल्ड फरीदाबाद में निकाले जा रहे मार्च के दौरान कांग्रेस नेत्री पराग शर्मा और गजना लांबा के बीच विवाद हुआ. करीब 27 सेकंड की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बकायदा गजना लांबा ने पराग शर्मा के खिलाफ ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है.
तमाचा मारने के बाद हाथापाई
वायरल वीडियो में एक कांग्रेस नेत्री दूसरी नेत्री को तमाचा मारती नजर आ रही है. इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि मार्च के दौरान आगे-पीछे होने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. कुछ देर तक दोनों के बीच हाथापाई होती रही. मौके पर मौजूद कांग्रेस के नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया.
गजना लांबा ने दी शिकायत
घटना के बाद कांग्रेस नेत्री गजना लांबा अपने साथी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पराग शर्मा के खिलाफ शिकायत देने ओल्ड फरीदाबाद थाने पहुंचीं. गजना लांबा का आरोप है कि भीड़ में आगे-पीछे होना सामान्य बात है, लेकिन उन्हें जबरन धक्का दिया जा रहा था. इसी दौरान पराग शर्मा ने उन्हें तमाचा मार दिया.
गजना लांबा ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उन्हें जातिसूचक शब्दों से भी संबोधित किया गया. उन्होंने पुलिस से मामले में शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
'गुंडागर्दी नहीं होनी चाहिए'
गजना लांबा के साथ थाने पहुंची कांग्रेस नेत्री शालिनी चोपड़ा ने पराग शर्मा के व्यवहार को गुंडागर्दी बताया. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए. शालिनी चोपड़ा के मुताबिक, मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है और उन्हें उम्मीद है कि कार्रवाई होगी.
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की
इधर ओल्ड फरीदाबाद थाना प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि गजना लांबा की ओर से पुलिस को शिकायत मिली है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच करेगी और जांच के बाद जो भी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी. वैसे तो इस पर किसी भी कांग्रेस नेता का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मगर ये दोनों ही नेत्रियां कांग्रेस से जुड़ी हुई बताई जा रही हैं. फरीदाबाद से जय प्रकाश की रिपोर्ट