App

हंसी कम, हंगामा ज्यादा... क्या विवाद ही है समय रैना के India’s Got Latent की सबसे बड़ी USP? सीजन-1 से सीजन-2 तक हर बवाल का पूरा हिसाब

यूट्यूब की दुनिया में समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ अपने जोक्स से ज्यादा विवादों के चलते सुर्खियों में रहता है. पहले सीजन के बवाल के बाद अब दूसरे सीजन में भी हर एपिसोड पर नई बहस छिड़ रही है. अब सवाल ये उठता है कि क्या कंट्रोवर्सी ही इस शो की असली ताकत बन चुकी है?

हंसी कम, हंगामा ज्यादा... क्या विवाद ही है समय रैना के India’s Got Latent की सबसे बड़ी USP? सीजन-1 से सीजन-2 तक हर बवाल का पूरा हिसाब
Image Credit: समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़ा विवाद

आजकल यूट्यूब पर वीडियो बनाना सिर्फ हंसी-मजाक या टाइमपास का जरिया नहीं रह गया है. अब कोई भी कंटेंट सामने आता है तो उसके साथ बहस, ट्रेंड और लोगों की राय भी जुड़ जाती है. बीते कुछ समय से देश के कई जाने-माने कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर्स अपनी कला से ज्यादा उनसे जुड़े विवादों के कारण चर्चा में बने हुए हैं. इस मामले में समय रैना का नाम सबसे आगे चल रहा है. उनका मशहूर शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ आए दिन किसी न किसी वजह से सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरता रहता है. लोगों के बीच इस शो को लेकर कभी तारीफ होती है तो कभी जमकर विरोध देखने को मिलता है.

बड़ी हैरानी की बात है कि जिस शो का पहला सीजन तगड़े हंगामे के बाद बंद करना पड़ गया था, अब उसके दूसरे सीजन पर भी रोज कोई न कोई नया बखेड़ा खड़ा हो जाता है. कभी किसी जोक पर लोगों को मिर्ची लग जाती है, तो कभी किसी मेहमान की बात पर बवाल मच जाता है. कई बार तो किसी खास वर्ग या सोच से जुड़े कमेंट इंटरनेट पर आग लगा देते हैं. इन सब हरकतों को देखकर अब यही सवाल उठता है कि क्या ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ अब सिर्फ हंसी-मजाक का शो नहीं रहा, बल्कि ये जानबूझकर विवाद खड़ा करने और वायरल होने का एक जरिया बन गया है, जिसकी असली पहचान अब विवाद बन चुके हैं.

Samay Raina Show India's Got Latent

पहला सीजन: विवादों में घिरा India's Got Latent

India's Got Latent का पहला सीजन अपने यूनिक फॉर्मेट और बेबाक कॉमेडी के चलते तेजी से फेमस हुआ, लेकिन इसी दौरान शो कई विवादों में भी घिर गया. शो में इस्तेमाल की गई भाषा, रोस्ट कल्चर, कुछ कंटेस्टेंट्स और गेस्ट्स के कमेंट्स को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्ति जताई गई. 

पहले सीजन में सबसे बड़ा विवाद तब हुआ जब यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया (BeerBiceps) और इन्फ्लुएंसर अपूर्वा मखीजा के कुछ गलत कमेंट्स किए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई थी. इतना ही नहीं, कानूनी कार्रवाई की बाद शो को बंद तक करना पड़ा था, लेकिन बाद में रणवीर अल्लाहबादिया और समय रैना ने माफी भी मांगी थी.

सीजन-2: भाग्यश्री वाले एपिसोड पर नया बवाल

वहीं, अब शो का दूसरा सीजन भी विवादों से घिरा हुआ है, हाल ही में हैदराबाद से आई एक कंटेस्टेंट भाग्यश्री तरके को लेकर विवाद हो गया. दरअसल, वो शो में एक मुस्लिम लड़की बनकर पहुंची थी और अपना नाम सलमा दीवानी बताया था. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे शो में अकेले आई हैं तो उन्होंने कहा कि वे अपने कजिन के साथ आई हैं. 

वहीं, जब एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने उनसे कजिन के बारे में पूछा तो, समय में मजाक में कहा कि कजिन मतलब हसबैंड. भले ही ये सब शो में मजाक मस्ती में हुआ, लेकिन सोशल मीडिया पर इसको लेकर अच्छा खासा बवाल देखने को मिला. हालांकि, शो के दौरान ही समय ने इस मजाक के लिए माफी मांग ली थी. 

India's Got Latent Season 2

विवादों के बावजूद कैसे हुई शो की वापसी?

अक्सर जब किसी शो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा होता है, तो उसके बंद होने की नौबत आ जाती है, लेकिन ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के साथ मामला बिल्कुल उल्टा देखने को मिला. बवाल होने के बाद कुछ समय के लिए इस शो की रफ्तार पर ब्रेक जरूर लगा था, पर लोगों के बीच इसकी दीवानगी जरा भी कम नहीं हुई. 

सोशल मीडिया पर इस शो के पुराने वीडियो लगातार ट्रेंड करते रहे. इतना ही नहीं, समय रैना को चाहने वालों की गिनती में भी कोई कमी नहीं आई है और उनका क्रेज पहले जैसा ही बरकरार है. यही वजह है कि जैसे ही शो के लौटने की खबर आई, इसे देखने वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. 

ज्यादातर लोगों का कहना है कि इस शो की असली जान ही इसका ‘रियल’ और ‘अनफिल्टर्ड’ अंदाज है, जहां कोई बनी-बनाई स्क्रिप्ट नहीं चलती और सब कुछ बिल्कुल असली लगता है. हालांकि, दूसरी तरफ कई लोग ऐसे भी हैं, जिनका मानना है कि शो का यही बेबाक और खुलापन हर बार किसी न किसी नए बवाल और विवाद को हवा दे देता है.

सीजन 2 को लेकर भी हो रही बहस?

दूसरे सीजन के शुरू होने पर सबको लगा था कि इस बार शो बनाने वाले पहले से ज्यादा सावधानी बरतेंगे और गलतियां नहीं दोहराएंगे, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ. शो के कई एपिसोड ऐसे आए जिन्हें देखकर इंटरनेट पर लोग दो हिस्सों में बंट गए. कहीं किसी मजाक ने लोगों का गुस्सा भड़का दिया, तो कहीं कुछ डायलॉग्स को धर्म और समाज के खिलाफ बताया गया. 

कुल मिलाकर, इस बार भी मेकर्स विवादों से बचने में नाकाम ही रहे. आजकल के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया किसी भी छोटी बात को बड़ा बनाने में देर नहीं लगाता. किसी शो या वीडियो की महज 15-20 सेकंड की एक छोटी सी क्लिप एक्स या इंस्टाग्राम पर वायरल होती है और लोग बिना सोचे-समझे आपस में भिड़ जाते हैं. 

ज्यादातर लोग पूरा वीडियो देखे बिना या पूरी बात जाने बिना ही अपनी राय बना लेते हैं. इसका नतीजा ये होता है कि एक मामूली सी क्लिप पर शुरू हुई चर्चा देखते ही देखते पूरे देश का बड़ा मुद्दा बन जाती है.

Samay Raina

समय रैना और ‘एज्डी कॉमेडी’ का मॉडल

समय रैना का कॉमेडी करने का तरीका बाकी पुराने स्टैंडअप कॉमेडियंस से काफी अलग रहा है. वो ज्यादातर रोस्टिंग, डार्क ह्यूमर, खुद का मजाक उड़ाने और अचानक चौंकाने वाले रिएक्शन्स देने जैसी कॉमेडी करते हैं. आज के समय में यंग जनरेशन को उनका यही बेबाक अंदाज सबसे ज्यादा पसंद आता है. 

लोग उनके जोक्स और वीडियोज से खुद को सीधे तौर पर जोड़कर देखते हैं. यही वजह है कि यंग जनरेशन के बीच उनके कंटेंट का जबरदस्त क्रेज है और हर कोई इसे दिल खोलकर एंजॉय करता है, लेकिन हंसी-मजाक करने का यही तरीका कई बार खुद उनके लिए ही भारी पड़ जाता है. रोस्ट करने के इस चलन में सबसे बड़ी परेशानी यही है कि जिस चुटकुले पर एक आदमी खुलकर हंसता है. 

दूसरा उसी बात का बुरा मान जाता है. ये दिक्कत तब और बढ़ जाती है जब मजाक सीधे किसी धर्म, जाति या समाज से जुड़ा हो. यही वजह है कि समय रैना के शो की बातें अक्सर लोगों को दो खेमों में बांट देती हैं. कुछ लोग इसे अपनी बात खुलकर रखने की आजादी मानते हैं, तो वहीं कुछ इसे गंभीर बातों पर लापरवाही भरा रवैया कहते हैं.

क्या विवाद सचमुच बढ़ाते हैं व्यूअरशिप?

डिजिटल मीडिया की दुनिया में एक मशहूर कहावत है ‘कोई भी पब्लिसिटी बुरी पब्लिसिटी नहीं होती’. भले ही ये बात हर जगह फिट न बैठती हो, लेकिन इतना तय है कि विवाद ऑडियंस के मन में जिज्ञासा जरूर पैदा करते हैं. जब किसी एपिसोड को लेकर इंटरनेट पर शोर मचता है, तो वे लोग भी उस वीडियो को देखने पहुंच जाते हैं, जिन्होंने शायद पहले शो का नाम तक नहीं सुना था. लोग ये जानने के लिए एक्साइटेड रहते हैं कि आखिर ऐसा क्या बोल दिया गया जिस पर इतना हंगामा बरपा है.

यही एक्साइटमेंट शो के व्यूज को आसमान पर पहुंचा देती है. हालांकि, ये फॉर्मूला हमेशा काम करेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है. लगातार विवादों में घिरे रहने से किसी भी क्रिएटर की साख पर असर पड़ सकता है. इसलिए ये कहना गलत नहीं होगा कि बवाल से आपको कुछ दिनों की चर्चा तो मिल सकती है, लेकिन लंबी रेस का घोड़ा बनने के लिए दमदार कंटेंट ही काम आता है.

Samay Raina

फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन Vs सोशल सेंसिटिविटी

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो को लेकर हो रहे विवाद ने एक जरूरी सवाल खड़ा कर दिया है. लोग अब इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि हंसी-मजाक की आखिर क्या सीमा होनी चाहिए. सवाल ये उठता है कि क्या कॉमेडी के नाम पर किसी भी बात का मजाक उड़ाने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए या इसके लिए समाज के कुछ नियम तय होने चाहिए.

एंटरटेनमेंट और मर्यादा के बीच एक सही बैलेंस बनाना आज के समय में बहुत जरूरी हो गया है. भारत जैसे अलग-अलग संस्कृतियों वाले देश में ये मामला काफी सेंसिटिव हो जाता है. यहां लोगों के दिल में अपने धर्म, जाति, भाषा और परंपराओं के लिए बहुत गहरी जगह है. ऐसे हालात में किसी खास कम्युनिटी पर किया गया कोई भी मजाक कुछ लोगों को तो आम बात लग सकता है.

लेकिन दूसरों के दिल को गहरी चोट भी पहुंचा सकता है. यही वजह है कि वीर दास, मुनव्वर फारूकी और कुणाल कामरा जैसे कई मशहूर कॉमेडियंस के शोज और बयानों को लेकर अक्सर इस तरह की बहस छिड़ जाती है.

इंटरनेट का नया फॉर्मूला: पहले क्लिप वायरल, फिर बहस

आजकल किसी भी शो को हिट मानने का तरीका पूरी तरह बदल गया है. अब बात सिर्फ इस पर नहीं टिकी है कि पूरे वीडियो को कितने लोगों ने देखा, बल्कि इस पर टिकी है कि सोशल मीडिया पर उसकी चर्चा कितनी हो रही है. ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ इस नए ट्रेंड का सबसे तगड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है. 

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास घंटे भर का पूरा एपिसोड बैठकर देखने का टाइम नहीं है. इसके बजाय लोग फोन स्क्रॉल करते हुए इसके मजेदार छोटे क्लिप्स और वायरल रील्स देखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले यही छोटे-छोटे क्लिप लाखों लोगों तक पहुंचते हैं और इसी से पूरे शो को लेकर एक राय बनती है. 

जो लोग इसे पसंद करते हैं, वे इसे बेबाक और रियल कॉमेडी मानते हैं, वहीं दूसरी तरफ क्रिटिक्स इसे महज ‘सस्ती पब्लिसिटी’ का तरीका बताते हैं. खैर, लोग चाहे इसकी तारीफ करें या फिर बुराई, असली फायदा तो शो को ही मिल रहा है. हर तरह की चर्चा से इसकी रीच बढ़ती है और ये लगातार ट्रेंडिंग में बना रहता है.

India's Got Latent Season 2

क्या विवाद ही है शो की सबसे बड़ी USP?

आजकल हर कोई बस यही पूछ रहा है कि इस शो की असली सक्सेस का राज क्या है. ये बात तो माननी पड़ेगी कि शो का अलग अंदाज, लोगों के तुरंत आने वाले रिएक्शन और समय रैना की मजेदार होस्टिंग ने इसे खूब आगे बढ़ाया है. हालांकि, ये भी सच है कि आए दिन होने वाले विवादों ने इस शो को उन लोगों तक भी पहुंचा दिया है, जो पहले कभी स्टैंडअप कॉमेडी देखते तक नहीं थे.

फिर भी, सिर्फ हंगामे या लड़ाई-झगड़े के भरोसे कोई भी शो लंबे समय तक नहीं टिक सकता. लोग एक या दो बार तो सिर्फ ये देखने के लिए वीडियो चला लेंगे कि आखिर चल क्या रहा है, लेकिन उन्हें लगातार अपने साथ जोड़े रखने के लिए दमदार और रियल एंटरटेनमेंट की ही जरूरत पड़ती है.

कंटेंट या कंट्रोवर्सी: किसकी होगी जीत?

समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ अब सिर्फ एक आम यूट्यूब शो नहीं रह गया है, बल्कि ये आज के डिजिटल दौर में लोगों की बदलती पसंद का आईना बन चुका है. इस शो में आपको जबरदस्त कॉमेडी, तीखी रोस्टिंग और रातों-रात वायरल होने का मसाला तो मिलता ही है, लेकिन इसके साथ ही सोशल मीडिया पर चलने वाली बहस और ट्रोलिंग भी खूब देखने को मिलती है.

पहले सीजन से लेकर दूसरे सीजन तक का सफर यही बताता है कि यह शो अपने मजेदार कंटेंट से ज्यादा हर हफ्ते होने वाले नए विवादों की वजह से सुर्खियों में बना रहता है. अब आगे ये देखना काफी मजेदार होगा कि आने वाले दिनों में ये शो अपनी दमदार कॉमेडी के दम पर आगे बढ़ता है या फिर विवादों के सहारे ही चर्चा में बना रहता है और व्यूअरशिप बटोरता रहता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More