रणबीर कपूर और यश स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' का दूसरा ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस फिल्म में रणबीर कपूर राम के रोल और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म के मेकर्स ने इसके इंटरनेशनल प्रचार अभियान को और तेज कर दिया है. नए ट्रेलर में नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस महाकाव्य की एक भव्य और विशाल झलक देखने को मिल रही है.
साथ ही इसमें एक वॉयसओवर के जरिए राम को भगवान नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में पेश किया गया है, जो रावण के बढ़ते खतरे के सामने मानवता की उम्मीद बनकर खड़े हैं. वहीं, 2 मिनट 36 सेकेंड के इस ट्रेलर में पहले ट्रेलर के मुकाबले VFX और किरदारों के कॉस्टयूम में सुधार किया गया है.
ट्रेलर की शुरुआत एक बैकग्राउंड आवाज से होती है, जिसमें इतिहास लिखे जाने से पहले की दुनिया का जिक्र है. इसमें दिखाया गया है कि कैसे अंधेरे की गहराइयों से रावण का उदय होता है. लेकिन जल्द ही रावण के कारण यह शांति खतरे में पड़ जाती है. उसकी सत्ता में आने की घटना दुनिया की दिशा ही बदल देती है. आगे बताया जाता है, 'लेकिन अंधेरे से एक दुष्ट शक्ति का उदय हुआ... रावण. आग और क्रोध से जन्मा रावण, देवताओं को अपनी इच्छा के अनुसार झुकाने में कामयाब रहा और पूरी दुनिया को अपना सिंहासन बना लिया.'
यश द्वारा निभाए गए लंकापति रावण ने एक खौफनाक ऐलान करता है, 'मेरे सामने हर सिर झुकेगा...' जैसे-जैसे रावण की ताकत बढ़ती है. कहानी राम की ओर मुड़ती है, जिन्हें एक ऐसे इंसान के रूप में दिखाया गया है जो रावण का सामना कर सकता है. आवाज आती है, 'मुसीबत के इस दौर में इंसानियत के पास बस एक ही उम्मीद थी. कोई देवता नहीं, बल्कि किस्मत का चुना हुआ एक इंसान: राम.'
रणबीर कपूर के राम अपनी नियति के साथ मिली जिम्मेदारियों से जूझते नजर आते हैं. रावण को रोकने के लिए दृढ़ संकल्पित राम कहते हैं, 'अगर यही मेरी किस्मत है... तो मैं उसका विनाश करने में जरा भी नहीं हिचकिचाऊंगा. अगर मैंने उसे नहीं रोका... तो दुनिया खत्म हो जाएगी.' ट्रेलर एक डरावने मोड़ पर खत्म होता है, जहां रावण चेतावनी देता है, 'यह तो बस... शुरुआत है.'

बता दें कि 'रामायण' का पहला इंग्लिश-डब ट्रेलर अगस्त में जारी किया गया था. अब मेकर्स ने इसका दूसरा ट्रेलर भी लॉन्च किया है, जो पहले से ज्यादा शानदार लग रहा है. इसके साथ ही मेकर्स ने कैप्शन में लिखा है, 'मानव इतिहास की सबसे महान कहानी अब जीवंत हो रही है. 'द ओडिसी' और 'ड्यून' जैसी फिल्मों के विजुअल आर्टिस्ट्स द्वारा तैयार 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' का नया ट्रेलर देखें. यह फिल्म 5 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों IMAX और प्रीमियम लार्ज फॉर्मेट्स में रिलीज होगी. टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है.'
नए ट्रेलर में रावण की झलक दिखाई गई है, जो आग और क्रोध से जन्मा है और जिसने देवताओं को भी अपने आगे झुकने पर मजबूर कर दिया था. फिर आते हैं राम, जिन्होंने इतिहास की धारा बदल दी और बुराई के आवरण को नष्ट करने में कभी संकोच नहीं किया. ट्रेलर में यश की तीखी नजर और राम का शांत लेकिन प्रभावशाली अंदाज ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है.
अच्छाई और बुराई के बीच की बड़ी लड़ाई के अलावा ट्रेलर में राम और सीता के मिलन को भी दिखाया गया है. यह दर्शकों को फिल्म के भव्य दृश्यों के साथ-साथ उसकी इमोशनल गहराई की एक झलक दिखाई है. इसके अलावा पुष्पक विमान और जटायु की भी झलक है. वहीं, फिल्म के भव्य सेट और VFX प्रभाव गहरी छाप छोड़ा है.
इससे पहले मेकर्स फिल्म से भगवान राम, कैकेयी और कुछ अन्य किरदारों के पोस्टर भी जारी कर चुके हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' दो हिस्सों में रिलीज होगी. फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है.
फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट दीपावली 2027 पर रिलीज होगा. फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी.
(आईएएनएस इनपुट)