लॉस एंजिल्स प्रीमियर का दिखा असर! 24 घंटे में ‘रामायण’ की अमेरिकी एडवांस बुकिंग में 27% का उछाल
‘रामायण’ को लेकर अमेरिका में दर्शकों का उत्साह बढ़ता दिख रहा है. लॉस एंजिल्स प्रीमियर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बाद फिल्म की अमेरिकी एडवांस बुकिंग में 24 घंटे के भीतर 27% का उछाल दर्ज किया गया. इससे विदेशों में फिल्म की लोकप्रियता और दर्शकों की दिलचस्पी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
रणबीर कपूर की 'रामायण' की अमेरिका में प्रीमियर टिकटों की बिक्री में आई तेज बढ़ोतरी ने फिल्म की वैश्विक बॉक्स ऑफिस संभावनाओं को लेकर चर्चाओं को फिर से तेज कर दिया है. नमित मल्होत्रा की महत्वाकांक्षी महागाथा 'रामायण' ने अमेरिका में अपने प्रीमियर की एडवांस बुकिंग में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, महज 24 घंटे के भीतर टिकटों की बिक्री में 27% की बढ़ोतरी हुई है. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, बिक्री में यह अचानक आई तेजी लॉस एंजिल्स में आयोजित फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर से सामने आई शुरुआती प्रतिक्रियाओं के कुछ ही समय बाद देखने को मिली.
रामायण से मेकर्स को काफी उम्मीदें
वहीं, सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म पहले दिन के लिए अब तक 2.77 लाख से ज्यादा टिकट बेच चुकी है. इन आंकड़ों में ब्लॉक की गई सीटों को भी जोड़ा गया है. अगर ब्लॉक सीटों को हटाकर आंकड़ा देखा जाए, तो वह लगभग 2.22 लाख पहुंचता है. एडवांस बुकिंग की बात करें, तो फिल्म ने करीब 14.64 करोड़ रुपये अब तक जुटा लिए हैं. फिल्म के शुरुआती आंकड़े तो काफी अच्छे माने जा रहे हैं. हालांकि, फिल्म का हाइप देखते हुए लोगों को काफी उम्मीदें हैं.
एडवांस बुकिंग में आया यह रुझान फिल्म की अंतरराष्ट्रीय संभावनाओं को लेकर नए सिरे से ध्यान आकर्षित कर रहा है. थिएटर में रिलीज से पहले दर्शक फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर करीब से नजर रख रहे हैं. प्रीमियर टिकटों की बिक्री में हुई इस बढ़ोतरी से इस बहुप्रतीक्षित महागाथा को लेकर दर्शकों की बढ़ती उत्सुकता का भी संकेत मिलता है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे.
कब आएगी फिल्म 'रामायण'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है. ‘रामायण’ को दो भागों में बनने वाली एक भव्य सिनेमाई महागाथा के रूप में तैयार किया गया है. फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा.
फिल्म के दोनों भाग भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होंगे. ‘रामायण’ को IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा. सोनी पिक्चर्स भारत को छोड़कर दुनियाभर में फिल्म का वितरण करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में इसके वितरण की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस संभालेगा. फिल्म के गाने टी-सीरीज़ के लेबल के तहत रिलीज किए जा रहे हैं.