Rajpal Yadav Post: शारदीय नवरात्रि की शुरुआत आज से हो गई है, हर कोई भक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है. इसी बीच एक्टर राजपाल यादव ने नवरात्रि पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक अहम मुद्दा उठाया है. एक्टर ने लोगों से अपील की है कि नवरात्रि में केवल देवी की पूजा करने तक सीमित नहीं रहें, बल्कि महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें. सिर्फ कहने से नहीं होगा, आपको इसकी जिम्मेदारी निभानी होगी.
राजपाल यादव ने आगे कहा कि हर बेटी को बिना किसी डर के अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार मिलना चाहिए. इतना ही नहीं, बेटी को अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने की भी परमिशन होनी चाहिए.
दरअसल, राजपाल यादव ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नवरात्रि के दिन एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन की परंपरा का जिक्र किया और सवाल उठाया कि जिस देश में छोटी बच्चियों को देवी का रूप माना जाता है और उनकी पूजा की जाती है, क्या वहां हर बेटी असलियत में सुरक्षित है?
राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट में लिखा, 'नवरात्रि के नौ दिन हम शक्ति की आराधना करते हैं. अष्टमी और नवमी पर कन्याओं को देवी का रूप मानकर उनकी पूजा करते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं.' उन्होंने आगे लिखा, 'लेकिन जब महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं सामने आती हैं, तो मन में एक सवाल उठता है कि जिस देश में हम कन्याओं को देवी मानते हैं, वहां क्या हर बेटी सच में सुरक्षित है?'
राजपाल यादव ने आगे लिखा, 'बेटियों का पिता होने के नाते, मेरे लिए यह सवाल और भी ज्यादा भावुक कर देने वाला है. हर पिता चाहता है कि उसकी बेटी बिना किसी डर के अपने सपने पूरे करे, अपनी मर्जी से जिंदगी जिए और हर जगह सम्मान पाए.' उन्होंने आगे लिखा, 'देवी मां की पूजा तभी सार्थक है, जब हम उनकी शक्ति को सिर्फ मंदिरों में नहीं, बल्कि हर स्त्री के सम्मान और सुरक्षा में भी पहचानें.'
आगे लिखा, 'इस नवरात्रि सिर्फ देवी की पूजा नहीं, बल्कि यह संकल्प भी लेने की कोशिश करते हैं कि हम अपनी बेटियों को सिर्फ हिम्मत से जीना नहीं सिखाएंगे, बल्कि उन्हें एक ऐसी दुनिया देने की कोशिश करेंगे, जहां उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए हर दिन लड़ना न पड़े. क्योंकि कन्या पूजन केवल एक रस्म नहीं, हर बेटी के सम्मान और अधिकारों के प्रति हमारी जिम्मेदारी की याद भी है.'