किताबों से निकलीं सस्पेंस की 5 खतरनाक कहानियां, OTT पर मौजूद ये फिल्में घुमा देंगी दिमाग; आखिरी तक चलता है दिमाग का खेल
Movies Based on Novel: कुछ लोगों को नॉवेल पढ़ने का काफी शौक होता है. ऐसे में, अगर आप भी उन्हीं लोगों में शामिल हैं, तो आज हम आपके लिए पॉपुलर नॉवेल्स पर बनी 5 सस्पेंस थ्रिलर फिल्में लेकर आए हैं, जिन्हें आप ओटीटी पर आराम से देख सकते हैं और जिनकी स्टोरी आपको काफी माइंड-बेंडिंग लगेगी.
अगर आपको नॉवेल बेस्ड फिल्में देखना पसंद है, लेकिन ढूंढने पर नहीं मिलती हैं, तो ऐसे में आज हम आपके लिए ऐसी फिल्में लेकर आए हैं, जो नॉवेल्स पर आधारित हैं. इन सभी की स्टोरी आपको बेहद अच्छी लगेगी. एक बार देखने के बाद दूसरो को भी आप इन फिल्मों को देखने का आइडिया देंगे. ऐसे में आज हम आपको ऐसी 5 फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनमें आपको जबरदस्त सस्पेंस थ्रिलर नजर आएगा. इन सभी फिल्मों को आप आराम से घर बैठे ओटीटी पर देख पाएंगे.
लीव द वर्ल्ड बिहाइंड
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम 'लीव द वर्ल्ड बिहाइंड' फिल्म का शामिल है, जो रुमान आलम के नॉवेल पर बनी है. इस फिल्म को आईएमडीबी पर भी 6.4 रेटिंग मिली है. फिल्म में आपको एक परिवार की कहानी देखने को मिलेगी, जो छुट्टियां मनाने न्यूयॉर्क शहर के पास एक खूबसूरत वेकेशन पर जाता है और वहां घर किराए पर लेता है और उसी वक्त साइबर अटैक हो जाता है. जिसके चलते दुनियाभर का कम्युनिकेशन सिस्टम बंद हो जाता है. इसके बाद से अजीब घटनाएं होनी शुरू हो जाती हैं. इसकी कहानी आपको काफी पसंद आएगी. आप इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे.
गॉन गर्ल
अब हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, उसे तो आपको जरूर देखना चाहिए. आईएमडीबी पर फिल्म की रेटिंग की बात करें तो इसे 8.1 रेटिंग मिली है, जिसे बहुत अच्छा माना जाता है. इसका नाम 'गॉन गर्ल' है. इसकी कहानी आपको पसंद आएगी. गिलियन फ्लिन के पॉपुलर थ्रिलर नॉवेल पर फिल्म की कहानी बेस्ड है. यह एक शानदार साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है. इसमें आपको जबरदस्त ट्विस्ट देखने को मिलेंगे, जो हैरान कर देंगे. इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख पाएंगे.
द साइलेंस ऑफ द लैम्ब्स
थॉमस हैरिस के उपन्यास 'द साइलेंस ऑफ द लैम्ब्स' पर आधारित जोनाथन डेमी की फिल्म एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है. यह उपन्यास की अंधेरी दुनिया को बहुत अच्छे से पेश करती है. फिल्म में FBI ट्रेनी क्लेरिस स्टर्लिंग, 'बफेलो बिल' नाम के एक सीरियल किलर को पकड़ने के लिए जेल में बंद सीरियल किलर हैनिबल लेक्टर की मदद लेती है. यह फिल्म सस्पेंस, हॉरर और साइकोलॉजिकल उलझनों के बीच बेहतरीन संतुलन बनाती है, जिससे एक बेचैन कर देने वाला माहौल तैयार होता है. इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
द ग्रीन माइल
फ्रैंक डाराबोंट की 'द ग्रीन माइल' स्टीफन किंग के उपन्यास को जीवंत कर देती है. कहानी पॉल एजकॉम्ब के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मौत की सजा पाए कैदियों की जेल में एक अधिकारी है. स्टीफन किंग की शैली के अनुरूप यह फिल्म फैंटेसी, ड्रामा और सस्पेंस का एक बेहतरीन मिश्रण है, जो दर्शकों को एक खूबसूरत अनुभव देती है. इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख पाएंगे.
द पेल ब्लू आई
अमेरिकी लेखक लुई बेयर्ड के ऐतिहासिक मिस्ट्री नॉवेल पर आधारित फिल्म 'द पेल ब्लू आई' को भी आप जरूर देख सकते हैं. यह एक हॉरर थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी 1830 के दशक की है. एक डिटेक्टिव मिलिट्री एकेडमी में हुए एक खौफनाक मर्डर की जांच करने के लिए आता है और इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए एक युवा कैडेट की मदद लेता है. आप देखेंगे कि यह कैडेट आगे चलकर एक बड़ा राइटर बन जाता है. इसे आप नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे.