'कॉफी विद करण' के काउच पर अगले गेस्ट जाह्नवी कपूर और वरुण धवन होंगे. हाल ही में शो का नया प्रोमो जारी हुआ है. इस प्रोमो से यह साफ हो गया है कि आने वाला एपिसोड बहुत मजेदार और हंसी-मजाक से भरपूर होने वाला है. शो के नए क्लिप में जाह्नवी कपूर और वरुण धवन एकदम बेबाक अंदाज में नजर आ रहे हैं.
प्रोमो में वरुण धवन ने बताया कि करण जौहर ने उनसे और जाह्नवी से बात करना बंद कर दिया था. इस पर करण ने कहते हैं, 'मैं आप दोनों से आहत था.' तब जाह्नवी ने कहा, 'जब हमारी बातचीत बंद हुई, तो मेरा वजन बढ़ गया.' वरुण ने आगे कहा, 'करण, आपने बहुत ड्रामेटिक बातें कहीं. आप तो K3G वाले बच्चन बन गए थे. मैं बड़ा हूं, हक है मेरा.'
इस क्लिप में अर्जुन कपूर भी एक स्पेशल गेस्ट के तौर पर काउच पर नजर आए, जिससे वरुण और जाह्नवी दोनों हैरान रह गए. इन तीनों ने करण जौहर के साथ मिलकर रवि किशन के मशहूर 'मनी फॉलो माय ब्रदर' मीम पर भी चर्चा की. वहीं, एक खबर है कि इस सीजन में सलमान खान एक बार फिर शो में बतौर गेस्ट वापसी करेंगे. बताया जा रहा कि शाहरुख खान के इस आखिरी सीजन में शामिल होने को लेकर बातचीत चल रही है. दावा किया जा रहा है की करण और उनकी टीम सीजन के आखिरी एपिसोड के लिए शाहरुख खान को लाने की कोशिश कर रही है, जो लंबे समय से चल रहे इस चैट शो का ग्रैंड फिनाले भी होगा. उन्होंने आगे बताया कि यह एपिसोड शाहरुख खान के लिए अपनी फिल्म 'किंग' को प्रमोट करने का एक स्टेज भी बनेगा.
साथ ही ऐसी भी खबरें हैं कि विक्की कौशल और दिलजीत दोसांझ एक साथ शो में नजर आ सकते हैं. फिल्मफेयर के मुताबिक, दिलजीत और विक्की के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग है और उनका एपिसोड इस सीजन की सबसे मनोरंजक बातचीत में से एक होने वाला है. अगर ऐसा होता है, तो फैंस एक ऐसे एपिसोड की उम्मीद कर सकते हैं जो हंसी-मजाक, पंजाबी एनर्जी और दिल से जुड़ी बातों से भरा होगा. हालांकि, इस जोड़ी के बारे में ऑनलाइन काफी चर्चा हो रही है, लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बता दें कि साल 2003 में 'कॉफी विद करण' शुरू हुआ था, तब शाहरुख खान और काजोल इसके पहले मेहमान थे. पहले एपिसोड में इन दोनों सितारों ने खूब हंसी-मजाक किया. कई चौंकाने वाले सच सामने रखे और शो के उस अंदाज की नींव रखी, जो आगे चलकर 'कॉफी विद करण' की पहचान बन गया. ऐसे में यह बिल्कुल सही है कि शाहरुख खान ही इस शो के आखिरी मेहमान भी होंगे. हालांकि, इस बार उनके साथ काजोल नहीं होंगी. सूत्रों की मानें तो, रैपिड फायर राउंड के दौरान शाहरुख खान के साथ आर्यन खान या सुहाना खान में से कोई एक शामिल हो सकता है. हालांकि, शाहरुख खुद सुहाना को साथ लाना चाहते हैं, ताकि उनकी आने वाली फिल्म 'किंग' के लिए लोगों के बीच चर्चा शुरू हो सके.
खबरों के मुताबिक, टीम कई अन्य नामों के साथ बातचीत कर रही है और अलग-अलग जोड़ियों को अंतिम रूप देने की कोशिश में है. ऐसी भी संभावना है कि एसएस राजामौली इसमें शामिल होंगे. करण जौहर चाहते हैं कि वे अपनी आने वाली फिल्म के स्टार महेश बाबू के साथ नज़र आएं. इसी तरह, टीम संजय लीला भंसाली से भी बातचीत कर रही है. ताकि वे किसी अभिनेता के साथ दिखाई दें.