भारत छोड़ने के नोटिस के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट जाएंगे इमरान खान, 28 अक्टूबर तक का समय; CEC विरोध प्रदर्शन से जुड़ा मामला
एक्टर इमरान खान 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से जुड़ा यह मामला है. अब इस कानूनी लड़ाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.
बॉलीवुड एक्टर इमरान खान फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) द्वारा जारी किए गए नोटिस को चुनौती देने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख करेंगे. बता दें कि इस नोटिस में उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए कहा गया है. इंडियन एक्टर और अमेरिकी नागरिक इमरान खान को भारत छोड़ने के लिए कहा गया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने CEC के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेकर 'फॉरेनर्स एक्ट' (विदेशी अधिनियम) का उल्लंघन किया है.
अब इमरान खान MZM लीगल के अपने वकील जुल्फिकार मेमन के जरिए हाई कोर्ट में याचिका दायर कर सकते हैं. याचिका के अनुसार, कानून या नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जो OCI (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्डधारक को किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने से रोकता हो.
बॉम्बे हाई कोर्ट जाने का किया फैसला
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इमरान खान बॉम्बे हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल करने पर विचार कर रहे हैं. इस मामले में उन्होंने एमजेडएम लीगल एलएलपी को अपना कानूनी पक्ष रखने की जिम्मेदारी सौंपी है. ऐसे में अभी अभिनेता की कानूनी टीम की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है.
बता दें कि इमरान खान से जुड़ा यह मामला 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक विरोध प्रदर्शन के बाद चर्चा में आया था. 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) द्वारा इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही थी. इमरान खान भी इसमें शामिल हुए थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभिनेता समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था.
क्या है पूरा मामला?
इस घटना के बाद इमरान की नागरिकता और भारत में राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर सवाल उठे. जानकारी के मुताबिक, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं. उनके पास अमेरिकी नागरिकता और अमेरिकी पासपोर्ट है. साथ ही, उनके पास भारत का ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड भी है. इसी वजह से उनके प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर कानूनी सवाल उठाए गए.
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी शिकायत की थी. उन्होंने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से यह जांच करने की मांग की थी कि क्या अमेरिकी नागरिक होने के बावजूद इमरान खान को भारत में इस तरह के राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति है. सोमैया ने अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय और इमिग्रेशन अधिकारियों को भी पत्र लिखा था. उन्होंने इमरान के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की मांग भी की थी.
उधर, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से अपने साथी के समर्थन में खड़े होने की अपील की है. इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दिपके ने बॉलीवुड से इमरान खान के खिलाफ हुई इस कार्रवाई पर अपनी आवाज उठाने को कहा है. उन्होंने लिखा, 'बॉलीवुड, कुछ तो बोलो! अगर किसी और के लिए नहीं, तो कम से कम अपने ही किसी साथी के लिए तो खड़े हो जाओ!'
(आईएएनएस इनपुट)