ना कोई तमाशा, ना लंबा इंतजार... सिर्फ 15 मिनट में सात जन्मों के बंधन में बंधे हिना-रॉकी, मुश्किल घड़ी में भी नहीं छूटा हाथ
कैंसर से जंग लड़ रहीं टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने अपने लॉन्गटर्म बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल से 15 मिनट से भी कम समय में शादी कर ली थी, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. इस रैंडम फैसले ने साबित कर दिया कि सच्चा प्यार हर मुश्किल को हरा सकता है.
टीवी की दुनिया की सबसे फेमस और पॉपुलर एक्ट्रेस हिना खान अपनी जिंदगी के एक बेहद खूबसूरत और भावुक समय से गुजर रही हैं. हाल ही में उन्होंने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं और प्यार पर उनका भरोसा और गहरा हो जाएगा. स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग लड़ रहीं हिना ने अपनी शादी को लेकर एक ऐसा सच सामने रखा है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. आइए बताते हैं कि आखिर किन हालातों में उन्होंने रॉकी जायसवाल के साथ अचानक सात फेरे लेने का फैसला किया था.
जब टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने अपने नए चैट शो के दौरान हिना खान को उनकी शादी की एक तस्वीर दिखाई, तो एक्ट्रेस के चेहरे पर एक अलग ही चमक और मुस्कान आ गई. हिना ने खुलकर बताया कि उनकी शादी किसी 5-स्टार होटल या सात समंदर पार डेस्टिनेशन वेडिंग की तरह महीनों पहले से प्लान नहीं की गई थी. ये एक पूरी तरह से स्पॉन्टेनियस और रैंडम डिसीजन था. दोनों पिछले 13-14 सालों से एक-दूसरे के साथ थे, लेकिन कभी शादी की कोई प्लानिंग नहीं बनाई थी.
दिल चीर देने वाला पल
हिना ने उस डरावने और अनिश्चित दौर को याद करते हुए बताया कि जब शरीर में कैंसर जैसी बीमारी घर कर जाती है, तो कल का दिन किसी ने नहीं देखा होता है. इलाज के दौरान हर पल एक चुनौती बन जाता है. इसी बीच, हिना के मन में एक अजीब सी बैचेनी थी. उन्होंने रॉकी से बेहद साफ शब्दों में कहा कि या तो वो अपनी जिंदगी में आगे बढ़ जाएं और किसी और से शादी कर लें, या फिर तुरंत उनसे निकाह कर लें, क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि आने वाले कल में क्या होने वाला है.
15 मिनट से भी कम में बदल गई जिंदगी
जब सानिया मिर्जा ने हैरानी से पूछा कि क्या वाकई सब कुछ सिर्फ 15 मिनट में हो गया, तो हिना ने हंसते हुए बताया कि असल में तो वो समय 15 मिनट से भी बहुत कम था. 4 जून, 2025 को मुंबई में स्थित अपने घर की छत पर ही दोनों ने बेहद सादगी से एक छोटा सा फंक्शन किया. रॉकी ने बिना एक पल गंवाए या कोई सवाल उठाए हिना के इस फैसले को तुरंत स्वीकार कर लिया और दोनों हमेशा के लिए एक-दूसरे के जीवनसाथी बन गए.
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से शुरू हुई दास्तान
हिना और रॉकी का रिश्ता आज का नहीं है. दोनों की पहली मुलाकात मशहूर टीवी सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर हुई थी. उस दौरान हिना घर-घर में 'अक्षरा' बनकर राज कर रही थीं और रॉकी उसी शो के क्रू में सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर थे. साथ काम करते-करते दोनों की दोस्ती गहरी हुई और ये रिश्ता प्यार में बदल गया. साल 2017 में उन्होंने खुलकर अपने प्यार का इजहार किया था और तब से रॉकी हर अच्छे-बुरे वक्त में हिना की ताकत बनकर खड़े रहे हैं.
रिश्ते की नई शुरूआत
शादी के तुरंत बाद हिना खान ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी इस बेहद खास और अंतरंग सेरेमनी की खूबसूरत तस्वीरें शेयर की थीं. उन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक बहुत ही प्यारा नोट भी लिखा था, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे दो अलग-अलग दुनिया के लोगों ने मिलकर प्यार की एक नई दुनिया बसाई है. कानूनी और दिल के रिश्ते से एक होने के बाद इस कपल ने अपने सभी चाहने वालों से इस नए सफर के लिए ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद मांगा था.