शादीशुदा धर्मेंद्र को देखते ही दिल हार बैठी थीं हेमा मालिनी, पहली नजर में हुआ था प्यार; बोली थीं-मुझे और कुछ दिखाई नहीं देता
हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की लव स्टोरी आज भी बॉलीवुड के चर्चित किस्सों में में एक है. एक बार एक्ट्रेस ने खुद अपने प्यार को पहली नजर का प्यार बताया था. उन्होंने कहा था कि धर्मेंद्र के प्यार में उन्हें कुछ और दिखाई नहीं देता था.
हिंदी सिनेमा की ड्रीम गर्ल यानी हेमा मालिनी और ही-मैन यानी धर्मेंद्र का रिश्ता हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित लव स्टोरीज में से एक था. 1970 में एक फिल्म के सेट पर हुआ रोमांस आगे चलकर 1980 में अपनी मंजिल तक पहुंच गया. दरअसल, दोनों से तब शादी कर ली, जबकि धर्मेंद्र पहले से ही शादीशुदा थे और उनके चार बच्चे भी थे. बीते कुछ साल पहले हेमा ने दिग्गज एक्टर के लिए अपनी फीलिग्स और इमोशन के बारे में खुलकर बात की.
साथ ही उन्होंने यह भी बताया की उन्हें पहली बार कब देखा था और उनका रिश्ता कैसे आगे बढ़ा. दरअसल, ITMB शोज़ के साथ एक पुराने इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने बताया कि उन्हें धर्मेंद्र से पहली नजर में ही प्यार हो गया था. वहीं, जब उनसे पूछा गया कि हालात के बावजूद उन्होंने धर्मेंद्र से शादी करने का फैसला क्यों लिया? इसपर उन्होंने कहा कि कैसे प्यार ने उनके फैसलों को दिशा दी.
एक्ट्रेस ने कहा था, 'प्यार का मतलब है कि आपको दाएं-बाएं कुछ दिखाई नहीं देता. बस आप किसी से प्यार कर बैठते हैं और आगे बढ़ जाते हैं. यह बस पहली नजर का प्यार था और कुछ नहीं.' साल 2022 के एक इंटरव्यू में हेमा ने धर्मेंद्र के बारे में अपनी पहली राय भी शेयर की. उन्होंने माना कि धर्मेंद्र के लुक्स ने तुरंत उनका ध्यान खींच लिया था. हालांकि, उनके लिए हेमा की पसंद और सम्मान समय के साथ और बढ़ता गया. उन्होंने कहा, 'जब मैंने उसे पहली बार देखा, तो मुझे लगा कि मैंने उससे ज्यादा हैंडसम आदमी कभी नहीं देखा था. वह बहुत ही शानदार और आकर्षक था. इस बात ने मुझे सच में इम्प्रेस किया. बाद में जाकर मैं उसे बहुत पसंद करने लगी. लेकिन असल में वह मुझे रिझा रहा था. वह भी मेरी तरफ आकर्षित था.'
शादी के लिए धर्मेंद्र से हेमा मालिनी ने कहा था
हेमा मालिनी ने पहले भी उन चुनौतियों के बारे में बात की है, जिनका सामना करने की उन्हें धर्मेंद्र से शादी करने का फैसला लेते समय उम्मीद थी. एक रूढ़िवादी तमिल परिवार से ताल्लुक रखने के चलते वह जानती थीं कि इस रिश्ते पर सवाल उठेंगे. खासकर इसलिए क्योंकि धर्मेंद्र पहले से ही प्रकाश कौर से शादीशुदा थे और उनके चार बच्चे थे.
2022 की एक बातचीत में हेमा ने उस समय को याद किया जब वह चाहती थीं कि धर्मेंद्र उनके रिश्ते को आधिकारिक रूप दें. उन्होंने कहा कि उन्हें किसी सुख-सुविधा की चाह नहीं थी, वह बस उनका प्यार और साथ चाहती थीं. उन्होंने कहा, 'एक समय ऐसा आया जब मुझे उनसे कहना पड़ा. अब आपको मुझसे शादी कर लेनी चाहिए. आप इस तरह से आगे नहीं बढ़ सकते. मुझे पता था कि थोड़ी दिक्कतें आएंगी, लेकिन मुझे उनसे किसी और चीज़ की उम्मीद नहीं थी. बस उनका प्यार चाहिए था. वह हमेशा मेरे साथ खड़े रहते हैं, तो मुझे और क्या चाहिए? मुझे उनसे कोई संपत्ति, पैसा या कुछ और नहीं चाहिए. मुझे बस थोड़ा सा प्यार चाहिए. बस इतना ही.'
हेमा ने यह भी बताया है कि धर्मेंद्र से शादी करने के बाद उन्होंने अलग रहने का फैसला किया. क्योंकि वह उनके मौजूदा पारिवारिक जीवन में कोई खलल नहीं डालना चाहती थीं. समय-समय पर दिए गए उनके बयानों से पता चलता है कि उन्होंने किस तरह एक ऐसे रिश्ते को संभाला, जो लोगों की कड़ी नजर के बीच आगे बढ़ा था.
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी
बता दें कि हिंदी सिनेमा के बड़े स्टार बनने से पहले 1954 में जब धर्मेंद्र 19 साल के थे. तब उन्होंने प्रकाश कौर से शादी की थी. इस कपल के चार बच्चे थे, सनी देओल, बॉबी देओल, अजीता देओल और विजेता देओल. धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की मुलाकात 1970 में 'तुम हसीन मैं जवान' के सेट पर हुई थी. उनका प्रोफेशनल रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल गया और दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया, जिनमें 'सीता और गीता', 'शोले', 'जुगनू' और 'ड्रीम गर्ल' शामिल हैं.
फिर दोनों ने साल 1980 में शादी की. उनकी शादी ने काफी चर्चा बटोरी, क्योंकि धर्मेंद्र पहले से ही प्रकाश कौर से शादीशुदा थे. उस समय ऐसी खबरें थीं कि धर्मेंद्र और हेमा ने मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत शादी करने के लिए इस्लाम अपना लिया था. हालांकि, बाद में धर्मेंद्र ने धर्म परिवर्तन की बात से इनकार कर दिया. इस जोड़े ने हेमा की तमिल विरासत को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक अयंगर रीति-रिवाजों से भी शादी की.
बाद में हेमा और धर्मेंद्र की दो बेटियां हुईं, ईशा देओल और अहाना देओल. लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद उनके परिवार की व्यवस्था दशकों तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही.
हेमा मालिनी के बारे में क्या बोलीं थी प्रकाश कौर?
1981 में 'स्टारडस्ट' को दिए एक इंटरव्यू में प्रकाश कौर ने धर्मेंद्र और हेमा मालिनी के रिश्ते को लेकर हो रही चर्चाओं पर बात की. उन्होंने अपने पति का बचाव किया और उन लोगों को कड़ा जवाब दिया जो उनके फैसलों पर सवाल उठा रहे थे. उन्होंने कहा था, 'सिर्फ मेरे पति ही क्यों, कोई भी आदमी मेरे बजाय हेमा को ही चुनता. किसी की हिम्मत कैसे हुई मेरे पति को 'औरतों का शौकीन' कहने की, जबकि पूरी इंडस्ट्री में आधे लोग यही सब कर रहे हैं?'
यह कमेंट उस दौर के सबसे चर्चित बयानों में से एक बन गया, जो यह दिखाता है कि उस समय उनके परिवार को किस तरह की सार्वजनिक जांच-परख का सामना करना पड़ा था.
धर्मेंद्र के निधन के बाद फिर चर्चा में आया परिवार
24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में मुंबई में धर्मेंद्र का निधन हो गया. बॉलीवुड के 'ही-मैन' के नाम से मशहूर इस दिग्गज अभिनेता ने अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था. निधन से पहले उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी. उनका अंतिम संस्कार मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में किया गया. जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए फिल्म जगत की तमाम हस्तियां मौजूद थीं. उनकी याद में 27 नवंबर को मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में एक प्रार्थना सभा आयोजित की गई.