अगर आपको थिएटर में फिल्में देखना पसंद है, तो आज हम आपके लिए एक गुड न्यूज लेकर आए हैं. इस शुक्रवार 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में एक-दो नहीं, बल्कि एक साथ 7 फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जिनमें साइकोलॉजिकल ड्रामा से लेकर रोमांटिक कॉमेडी और हॉरर थ्रिलर तक सब कुछ मौजूद है. चलिए, ऐसे में फिल्मों के नाम पर नजर डालते हैं कि आखिर किन-किन के बीच कड़ा मुकाबला होने वाला है.
उड़ता तीर
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'उड़ता तीर' 23 अक्टूबर को थिएटर में दस्तक देने वाली है. इस फिल्म में आपको स्पाई कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनमेंट देखने को मिलेगा. इसे आप आराम से फैमिली के साथ भी देख सकते हैं. इसकी कहानी एक ऐसे जासूस की है, जो अपनी गलतियों की वजह से बड़ी मुसीबत में आ जाता है. इसके बाद जासूसी की दुनिया में हंगामा मच जाता है और मजेदार घटनाएं होने लगती हैं.
दूसरा
इस लिस्ट में स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'दूसरा' भी शामिल है. यह फिल्म भारतीय क्रिकेट के एक यादगार दौर से प्रेरित है. इसकी कहानी साल 2002 में भारत की नेटवेस्ट सीरीज की जीत से जुड़ी हुई है. दरअसल, उस दौर में भारतीय टीम ने लॉर्ड्स के मैदान पर ऐतिहासिक जीत हासिल की थी. यह फिल्म आपको उस दौर के जुनून और भारतीय क्रिकेट में आए बदलाव को दिखाती है.
लिटिल थॉमस
वहीं, 1990 के दशक के गोवा पर बेस्ड 'लिटिल थॉमस' फिल्म को भी देख सकते हैं. इसकी कहानी थॉमस मिरांडा की है, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान है और खुद को काफी अकेला महसूस करता है. यह एक फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसे आप अपने परिवार के साथ आराम से देख सकते हैं. फिल्म में आप देखेंगे कि थॉमस एक छोटा भाई चाहता है और उसकी इस इच्छा से परिवार में बहुत कुछ होता है और सबकी जिंदगी बदल जाती है.
तू है मेरी किरण
एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' भी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस फिल्म में आपको दोनों की प्रेम कहानी देखने को मिलेगी और इस दौरान कपल का रिश्ता काफी उतार-चढ़ाव और अप्रत्याशित मोड़ों से गुजरता है. फिल्म की कहानी में प्यार के साथ रहस्य का पहलू भी जोड़ा गया है, जो दर्शकों को काफी पसंद आ सकता है. अगर आपको रोमांटिक थ्रिलर पसंद है, तो 'तू है मेरी किरण' को देख सकते हैं.
तुम मेरे हो
अगर एक्शन और रोमांटिक ड्रामा देखने का मन है, तो आप 'तुम मेरे हो' देख सकते हैं. इस फिल्म में प्रेम कहानी को एक्शन और एडवेंचर के साथ दिखाया गया है. इसकी कहानी दो प्रेमियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें अपने रिश्ते को बनाए रखने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. इन मुश्किलों के बीच दोनों का प्यार कितना मजबूत रहता है, यही फिल्म में दिखाया गया है.
पहला प्यार दूसरी बार
अगर रोमांटिक कॉमेडी देखने का मन है, तो आप फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' देख सकते हैं. इसकी कहानी पहले प्यार के दोबारा जिंदगी में लौटने पर आधारित है. इसमें दिखाया गया है कि जब जिंदगी में पुराना प्यार वापस आता है, तो जिंदगी में क्या-क्या बदलाव आते हैं.
418
इन सबसे अलग कुछ देखना चाहते हैं, तो आप साइकोलॉजिकल हॉरर-थ्रिलर फिल्म '418' देख सकते हैं. यह एक तेलुगु फिल्म है, जो इस शुक्रवार रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म को प्रशांत नील और मैत्री मूवी मेकर्स ने प्रोड्यूस किया है. '418' की कहानी एक मेडिकल कॉलेज के कमरे नंबर 418 पर आधारित है.