App

जिस 'रामायण' ने घर-घर में बनाई पहचान, उसे डिज्नी ने फंडिंग देने से कर दिया था इनकार; रामानंद सागर को लेकर ललित मोदी का खुलासा

दूरदर्शन के पौराणिक सीरियल 'रामायण' ने भारतीय टेलीविजन के इतिहास में खास जगह बनाई, लेकिन इसे लेकर एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है. ललित मोदी ने बताया कि डिज्नी ने रामानंद सागर के फंडिंग प्रस्ताव को ठुकरा दिया था.

जिस 'रामायण' ने घर-घर में बनाई पहचान, उसे डिज्नी ने फंडिंग देने से कर दिया था इनकार; रामानंद सागर को लेकर ललित मोदी का खुलासा
Image Credit: 'रामायण' को डिज्नी ने क्यों नहीं किया फाइनेंस?

नितेश तिवारी की 'रामायण' नवंबर में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, इसी बीच ललित मोदी ने भारतीय टेलीविजन के इतिहास के एक दिलचस्प किस्से को फिर से याद किया है. हाल ही में एक पॉडकास्ट में ललित मोदी ने बताया कि कैसे रामानंद सागर के मशहूर पौराणिक सीरियल 'रामायण' के लिए डिज्नी से फंडिंग की बात की गई थी. लेकिन फिर यह प्रस्ताव उस इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट कंपनी को पसंद नहीं आया.

'द भारत इंक' पॉडकास्ट पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि दूरदर्शन एक ऐसी पॉलिसी अपनाता था, जिसके तहत वह प्रोग्राम के लिए आर्थिक मदद नहीं देता था. इसके बजाय प्रोड्यूसर्स को हर घंटे के हिसाब से एक तय रकम चुकानी पड़ती थी. 1990 के दशक में ललित मोदी भारतीय टेलीविजन के लिए कंटेंट की मार्केटिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन से जुड़े थे. इसमें देश में इंटरनेशनल प्रोग्रामिंग लाने के लिए डिज्नी के साथ मिलकर काम करना भी शामिल था. ललित मोदी ने बताया कि रामानंद सागर और बीआर चोपड़ा दोनों ने ही अपने-अपने पौराणिक शो 'रामायण' और 'महाभारत'के लिए आर्थिक मदद के वास्ते उनसे कांटेक्ट किया था. उन्हें इन प्रोजेक्ट्स में क्षमता नजर आई और वे डिज्नी को को-प्रोडक्शन पार्टनर के तौर पर साथ लाना चाहते थे.

'रामायण' को फंडिंग देने से डिज्नी ने क्यों कर दिया था इनकार?

Ramayan (TV Series 1987–1988) - IMDb

उन चर्चाओं को याद करते हुए ललित मोदी ने कहा, 'रामानंद सागर और बीआर चोपड़ा दोनों मेरे पास आए और चाहते थे कि मैं इसे फाइनेंस करूं और मैं इसके लिए तैयार भी था. लेकिन मेरे पास मार्केटिंग, प्रोडक्शन और डिज्नी के जरिए दुनिया भर में सिंडिकेशन का एक इंटीग्रेटेड सिस्टम था. लेकिन वॉल्ट डिज्नी कंपनी में मेरा एक पार्टनर भी था. मैंने उनसे कहा कि हमें प्रोडक्शन के बिजनेस में आना चाहिए और रामानंद सागर के साथ मिलकर को-प्रोडक्शन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें अपनी प्रोग्रामिंग बेचनी है. इससे हितों का टकराव (कॉन्फ़्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) होगा. फिर भी, मैं अपनी बात पर अड़ा रहा.'

ललित मोदी ने बताया कि उन्होंने डिज्नी के सीनियर अधिकारियों को मनाने की कोशिश जारी रखी. उनका तर्क था कि रामानंद सागर की 1 करोड़ रुपये की मांग पूरी करने से कंपनी को शो के राइट्स मिल जाएंगे. कई बार बातचीत के बाद अधिकारी फिल्ममेकर से मिलने के लिए भारत आने को तैयार हो गए. हालांकि, मीटिंग वैसी नहीं हुई जैसी मोदी ने उम्मीद की थी. उस मुलाकात को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'डिज्नी की टीम बड़े तामझाम और प्राइवेट जेट के साथ आई थी, जबकि रामानंद सागर शॉर्ट्स पहनकर मीटिंग में पहुंचे.'

रामानंद सागर के शॉर्ट्स वाले लुक पर हुआ था बवाल!

Ramayan's Sita Aka Dipika Chikhlia Reveals Ramanand Sagar Had Many Court  Cases Against Him | India.com

उन्होंने आगे कहा, 'उस समय हर कोई सूट-बूट में आता था. उनकी इंग्लिश भी टूटी-फूटी थी. उन्होंने डिज्नी की बात सुनी, लेकिन पूरी तरह समझ नहीं पाए और डिज्नी वाले भी उनकी बात ठीक से नहीं समझ सके. इसलिए वे डिज्नी वालों पर कोई खास असर नहीं डाल पाए. उन दिनों बहुत शानदार तरीके से अपनी बात रखी जाती थी. वे प्रेजेंटेशन देखना चाहते थे. मुझे साफ दिख रहा था कि डिज्नी के प्रेसिडेंट कमरे से बाहर भागने को तैयार थे.'

मोदी ने आगे बताया कि डिज्नी के अधिकारियों को रामायण के बड़े पैमाने और उसकी संभावनाओं को समझने में मुश्किल हो रही थी. भारतीय टेलीविजन पर पौराणिक कथाओं को पहले कभी इस तरह से पेश नहीं किया गया था और उन्हें लगा कि अधिकारी यह नहीं समझ पाए कि यह शो आगे चलकर क्या बन सकता है. हालांकि, प्रस्तावित व्यवस्था में डिज्नी के शामिल होने के चलते ललित मोदी ने कहा कि एक बार जब यह आइडिया ठुकरा दिया गया, तो वे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते थे.'

नितेश तिवारी की रामायण कब आएगी?

ranbir kapoor ramayana

रामानंद सागर द्वारा बनाई, लिखी और निर्देशित 'रामायण' पहली बार 1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुई थी. इस सीरीज में अरुण गोविल ने भगवान राम, दीपिका चिखलिया ने सीता और सुनील लहरी ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी. जबकि अरविंद त्रिवेदी ने रावण का किरदार निभाया था. प्राचीन हिंदू महाकाव्य रामायण पर आधारित इस टीवी सीरीज ने भगवान राम की कहानी को लाखों भारतीय घरों तक पहुंचाया और देश के टेलीविजन इतिहास के सबसे लोकप्रिय शो में से एक बन गई.

इसके ओरिजिनल प्रसारण में 78 एपिसोड थे, जो जनवरी 1987 से जुलाई 1988 के बीच दिखाए गए थे. जब 2020 में COVID-19 लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन ने इसे दोबारा प्रसारित किया. तो इस सीरीज को दर्शकों की एक नई पीढ़ी मिली. वहीं, नितेश तिवारी की 'रामायण' 5 नवंबर, 2026 को रिलीज होने वाली है. इसमें रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More