रिलीज से चंद दिन पहले आयुष्मान खुराना को लगा झटका: नेपाल में नहीं दिखाई जाएगी 'उड़ता तीर'?
बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की अपकमिंग फिल्म 'उड़ता तीर' जल्द ही 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने को तैयार है. लेकिन रिलीज से पहले ही इस फिल्म को नेपाल में रिलीज होने की इजाजत नहीं मिली है.
बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की अपकमिंग फिल्म 'उड़ता तीर' का हाल ही में ट्रेलर रिलीज हुआ था. फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों ने काफी पसंद भी किया था, जिसके बाद फिल्म काफी चर्चा में आ गई है. अब ये फिल्म सिनेमाघरों में 23 अक्टूबर को भारत समेत कई देशों में दस्तक देने के लिए बिल्कुल तैयार है. लेकिन इसी बीच खबर सामने आ रही है कि 'उड़ता तीर' भारत के पड़ोसी मुल्क नेपाल में रिलीज नहीं होगी. नेपाल सरकार ने फिल्म को रिलीज होने की इजाजत नहीं दी है.
हाल ही में आई बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल में 'उड़ता तीर' को सिनेमाघरों में दिखाने की मंजूरी नहीं मिली है. नेपाल सरकार के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सेक्शन ऑफिसर विशाल भंडारी ने फिल्म के निर्माताओं को एक पत्र भेजा था. पत्र में बताया गया है कि अनुमति इसलिए नहीं दी गई, क्योंकि यह फिल्म 'फिल्म (निर्माण, प्रदर्शन और वितरण) अधिनियम, 2026 B.S.' की धारा 5(3) के तहत प्रतिबंधित विषय के दायरे में आती है.
नेपाल में क्यों नहीं दिखाई जाएगी 'उड़ता तीर'?
पत्र में आगे लिखा है, 'यह पत्र नेपाल के विक्रम संवत कैलेंडर के अनुसार आश्विन 30, 2083 को जारी किया गया था, जो ग्रेगोरियन कैलेंडर के हिसाब से शुक्रवार, 16 अक्टूबर, 2026 की तारीख है. 'उड़ता तीर' में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, दिवंगत मुकुल देव और कई अन्य कलाकार शामिल हैं. आकाश ए. कौशिक द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म को करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्वा मेहता के 'धर्मा प्रोडक्शंस' ने, गुनीत मोंगा कपूर और अचीन जैन के 'सिख्या एंटरटेनमेंट' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है.'
कैसी होगी फिल्म की कहानी?
बता दें कि आयुष्मान खुराना की यह फिल्म एक पाकिस्तानी जासूस की कहानी है, जो भारत में घुसपैठ तो करता है, लेकिन अपनी याददाश्त खो बैठता है. हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि वह खुद को एक कट्टर भारतीय देशभक्त मानने लगता है, जिससे काफी अफरा-तफरी और पागलपन का माहौल बन जाता है.
अब तक आ चुके हैं फिल्म के दो ट्रेलर
गौरतलब है कि आयुष्मान खुराना की फिल्म 'उड़ता तीर' का निर्देशन आकाश ए. कौशिक ने किया है और इसका प्रोडक्शन करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्वा मेहता ने धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है. फिल्म में आयुष्मान खुराना के अलावा सारा अली खान और दिवंगत एक्टर मुकुल देव भी नजर आएंगे. दर्शकों ने फिल्म के दोनों ट्रेलर को काफी पसंद किया है. इसका पहला ट्रेलर करीब तीन हफ्ते पहले रिलीज हुआ था और दूसरा ट्रेलर बीते हफ्ते रिलीज हुआ था.