अजय देवगन की 'दृश्यम-3' की सफलता के बाद बनेगा 'दृश्यम 4’? निर्देशक अभिषेक पाठक ने दिया अपडेट; कहा-इसका चौथा पार्ट भी...'
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम' की सफलता के बाद अब चौथे पार्ट को लेकर चर्चा तेज है. इसी बीच फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने 'दृश्यम 4' की संभावना पर अपनी बात रखी है. ऐसे में अब फैंस के मन में सवाल है कि क्या विजय सलगांवकर की कहानी आगे बढ़ेगी? जानिए निर्देशक ने क्या कहा.
अजय देवगन की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर द्गूम मचा रही है. ऐसे में फिल्म की सफलता को देखते हुए सवाल उठ रहे हैं कि क्या चौथी फ़िल्म भी बन सकती है? इसी बीच फिल्म डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने आखिरकार इस सवाल का जवाब दिया है. फ्रेंचाइजी के भविष्य को लेकर फैंस में काफी उत्सुकता है. खासकर इसलिए क्योंकि 'दृश्यम 3' ने सिर्फ 10 दिनों में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है.
हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में अभिषेक ने कहा, 'हम सभी मानते हैं कि यह फ़िल्म का आखिरी हिस्सा है. जाहिर है, दर्शकों को यह बहुत पसंद आ रही है और वे इसकी चर्चा भी कर रहे हैं. लेकिन 'दृश्यम' ऐसी फ्रेंचाइजी नहीं है, जिसके लिए हम बस एक और फिल्म बनाने का फैसला कर लें. यह पूरी तरह से कहानी पर निर्भर करती है. अब इसकी कहानी खत्म हो चुकी है. मुझे हमेशा से लगा कि इसका अंत बहुत ही काव्यात्मक था. यह फ्रेंचाइजी के लिए एक लव लेटर जैसा है.'
'दृश्यम-3' की सफलता के बाद बनेगा दृश्यम 4’?
फिल्ममेकर ने आगे कहा, 'इसे बहुत अच्छे से खत्म किया गया है. लोगों को यही बात पसंद आई. बहुत से लोग मुझसे कह रहे हैं कि इसका चौथा पार्ट भी आ सकता है. अगर इस पर काम किया जाए, तो कहानी को और भी बहुत आगे बढ़ाया जा सकता है, लेकिन असल बात यह नहीं है. हमें इसे किसी न किसी मोड़ पर रोकना ही था, और यह इस फ्रेंचाइजी का एक शानदार अंत था.'
उन्होंने यह भी कहा, 'दृश्यम 3' अभी अपने दूसरे हफ्ते में ही है. लोग अभी भी बड़ी संख्या में थिएटर जा रहे हैं. दूसरे वीकेंड में इसने 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. यह ऐसा आंकड़ा है जिसे कई फिल्में अपनी पूरी लाइफटाइम में भी हासिल नहीं कर पातीं. इसलिए, आइए उनके लिए मजा खराब न करें.' बता दें कि 'दृश्यम 3' अजय देवगन के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.
'दृश्यम 3' पर बोले डायरेक्टर अभिषेक पाठक
इससे पहले एक इंटरव्यू में अभिषेक पाठक ने बताया था, ''दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' की कहानी लिखते समय भी हम बार-बार पिछली फिल्मों के छोटे से डायलॉग या सीन को देखा करते थे और सोचते थे कि इसे पिछली कहानी से कैसे कनेक्ट किया जा सके. मैं इस बात को लेकर बहुत सजग था कि हमारे दर्शक पहले से ही 'दृश्यम' और 'दृश्यम-2' देख चुके हैं, तो वे इसकी कहानी से अच्छे वाकिफ हैं.'
उन्होंने कहा था, 'मैं चाहता था कि लोगों को पुरानी यादों का एहसास हो और लगे कि सारे हिस्से आपस में जुड़े हुए हैं. साथ ही मैं इस बार रीमेक का टैग नहीं चाहता था, क्योंकि कहीं न कहीं मुझे इस बात का अंदाजा था कि जब आप कुछ ऐसा बनाते हैं, जो पहले से ही मौजूद है तो लोग हिंदी वर्जन में बनी फिल्म की मेहनत को नजरअंदाज करते हैं.'
बता दें कि एक्टर अजय देवगन स्टारर फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' में विजय सालगांवकर का सामना एक नए और मजबूत प्रतिद्वंद्वी से हुआ है. फिल्म में अजय देवगन विजय, तब्बू आईजी मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में लौटे हैं. इस बार जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री हुई है, जो विजय के खिलाफ जांच को और मजबूत करते हैं.
(आईएएनएस इनपुट)