राजनीतिक विचारों की वजह से प्रकाश राज ने गंवाया काम, पत्नी ने बताया कैसे हाथ से निकले कई प्रोजेक्ट?
एक्टर प्रकाश राज अपनी बेबाक राजनीतिक राय के लिए जाने जाते हैं. हालांकि, उनकी इस मुखरता का असर उनके करियर पर भी पड़ा है. हाल ही में उनकी पत्नी ने खुलासा किया है कि राजनीतिक विचारों के चलते प्रकाश राज के हाथ से कई प्रोजेक्ट निकल गए.
प्रकाश राज देश के सबसे बेबाक अभिनेताओं में से एक रहे हैं. एक्स पर उनके 'जस्ट आस्किंग' वाले पोस्ट अक्सर सुर्खियों में आते हैं, खासकर तब जब वे सरकार को चुनौती देते हैं या राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर सवाल उठाते हैं. हाल ही में NEET पेपर लीक के बाद हुए छात्र विरोध प्रदर्शनों में भी वे शामिल हुए.
हालांकि, अपनी राय रखने के उनके इस बेबाक अंदाज के साथ तालमेल बिठाना उनके परिवार के लिए हमेशा आसान नहीं रहा. उनकी पत्नी पोनी वर्मा ने हाल ही में बताया कि जब भी वे कोई कड़ा राजनीतिक बयान देते थे, तो उन्हें उनकी सुरक्षा को लेकर बहुत डर लगता था. उन्होंने यह भी बताया कि पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के बाद यह डर धीरे-धीरे कम होने लगा.
गौरी लंकेश की हत्या से पूरी तरह टूट गए थे एक्टर
प्रेमा के यूट्यूब चैनल पर पोनी से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी प्रकाश से अपने राजनीतिक विचारों को लेकर थोड़ा रुकने या संयम बरतने के लिए नहीं कहा है, खासकर तब जब उन्हें इन विचारों की वजह से अक्सर तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ता है? कोरियोग्राफर पोनी ने बताया, 'शुरुआत में मुझे बहुत डर लगता था. जब हमने गौरी के बारे में खबर सुनी, तो मैंने देखा कि प्रकाश पूरी तरह टूट गए थे. वे अंदर से बिखर गए थे और बोले, 'मैं उससे कहता ही रहता था.' जिस तरह हम प्रकाश की सुरक्षा को लेकर डरे रहते हैं, उसी तरह वे गौरी के लिए डरे हुए थे. गौरी की मौत ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया. उन्होंने कहा, 'मैं बोलूंगा.' एक महिला के तौर पर वह डटी रहीं और अपनी बात रखी.' पोनी ने यह भी बताया कि जहां उन्हें अपनी जान को लेकर डर लगता था. वहीं प्रकाश उनसे पूछते थे कि आखिर उन्हें कब तक डरते रहना होगा.
प्रकाश राज के काम पर उनके बेबाकपन का असर
पोनी ने उन मौकों के बारे में बताया जब प्रकाश राज को अलग-अलग वजहों से कई फिल्म इंडस्ट्री में काम करने से बैन कर दिया गया था. उन्होंने कहा कि उनके कुछ करीबी एक्टर ऐसे थे, जो प्रकाश राज को पसंद नहीं करते थे.
प्रकाश राज को साहसी बताते हुए उन्होंने कहा, 'हर कोई आराम से है, सब शूटिंग कर रहे हैं, पैसे कमा रहे हैं और हर कोई सबकी नजरों में अच्छा बने रहना चाहता है. कुछ एक्टर ऐसे हैं जिन्हें काम न मिलने का कोई डर नहीं होता, क्योंकि उनकी वजह से दूसरों को काम मिलता है. मुझे पता है कि इंडस्ट्री में उनके काम पर कितना बुरा असर पड़ा. उनके ऐड बंद हो गए उनसे फिल्में छीन ली गईं. उन्हें अपने करियर में बहुत नुकसान उठाना पड़ा है. लेकिन उनका कहना है कि उनका जमीर कहता है कि जो हो रहा है वह गलत है, इसलिए उन्हें इसे स्वीकार नहीं करना चाहिए.'
Dear Gauri , Miss you.. As The ones who killed you roam free on the streets .and the ones who raise the Voice languish in jail . We Promise that we will never let your VOICE be missed “We have not buried you.. we have sowed you ”.
गौरी लंकेश के साथ प्रकाश राज की दोस्ती
प्रकाश और गौरी 35 साल से भी ज्यादा समय से दोस्त थे. 2017 में बेंगलुरु में उनके घर के सामने ही गौरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अपनी दोस्त को श्रद्धांजलि देते हुए एक्टर ने एक्स पर लिखा था, 'गौरी, हम तुम्हें याद करते हैं... लेकिन हमने तुम्हें दफनाया नहीं है... बल्कि हमने तुम्हें बोया है. तुम एक प्रेरणा हो...और हां, हम वादा करते हैं... हम तुम्हारी आवाज को कभी खोने नहीं देंगे. उनकी हत्या के बाद जवाबदेही की मांग करते हुए उन्होंने जस्ट आस्किंग नाम से पोस्ट की एक सीरीज शुरू की. हर साल उनकी पुण्यतिथि पर वे उन्हें सम्मान देने के लिए हैशटैग का इस्तेमाल करते हैं.