)
बॉलीवुड एक्टर इमरान खान ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. दरअसल, उन्हें फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) की ओर से 'लीव इंडिया' का नोटिस मिला है, जो CJP के विरोध प्रदर्शन में उनके शामिल होने के बाद जारी किया गया था. 10 अक्टूबर को इमरान खान मुंबई में हुए एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी.
इसके बाद पुलिस ने आरोप लगाया कि उसने 'फॉरेनर्स एक्ट' का उल्लंघन किया है, क्योंकि वह भारतीय नागरिक नहीं है. इसके बाद फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के मुंबई कार्यालय ने इमरान खान को 'लीव इंडिया' नोटिस जारी किया, जिसमें उनसे 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए कहा गया है.
अब, 'बार एंड बेंच' की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में इस आदेश को चुनौती दी है. वहीं, याचिका के आधार और नोटिस जारी होने से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है. 10 अक्टूबर को मुंबई में CJP के जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के दौरान इमरान खान को हिरासत में ले लिया गया. हिरासत में लिए जाने के बाद एक्टर ने इंस्टाग्राम पर पुलिस वैन के अंदर की एक तस्वीर शेयर की थी. एक्टर ने लिखा, 'लगता है, मैं ड्राइव पर जा रहा हूं.' इमरान खान की गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन ने भी एक स्टोरी शेयर की और लिखा, 'रोमांस हो तो ऐसा.'
इस घटना के बाद इमरान की नागरिकता और भारत में राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर सवाल उठे. जानकारी के मुताबिक, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं. उनके पास अमेरिकी नागरिकता और अमेरिकी पासपोर्ट है. साथ ही, उनके पास भारत का ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड भी है. इसी वजह से उनके प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर कानूनी सवाल उठाए गए.
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी शिकायत की थी. उन्होंने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से यह जांच करने की मांग की थी कि क्या अमेरिकी नागरिक होने के बावजूद इमरान खान को भारत में इस तरह के राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति है. सोमैया ने अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय और इमिग्रेशन अधिकारियों को भी पत्र लिखा था. उन्होंने इमरान के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की मांग भी की थी.
उधर, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से अपने साथी के समर्थन में खड़े होने की अपील की है. इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दिपके ने बॉलीवुड से इमरान खान के खिलाफ हुई इस कार्रवाई पर अपनी आवाज उठाने को कहा है. उन्होंने लिखा, 'बॉलीवुड, कुछ तो बोलो! अगर किसी और के लिए नहीं, तो कम से कम अपने ही किसी साथी के लिए तो खड़े हो जाओ!'
(आईएएनएस इनपुट)