Success Story of IAS Apoorva Verma: 'सफलता के सफर में भले ही संघर्ष के दौरान किसी ने तारीफ के फूल न बरसाए हों, लेकिन जब कदम मंजिल तक पहुंच जाते हैं, तो पूरी दुनिया सलाम करती है.' एक ऐसी ही कहानी बिहार की बेटी अपूर्वा वर्मा की है जिन्होंने दिल्ली पुलिस में एसीपी पद की जिम्मेदारी को निभाने के साथ देश की सबसे कठिन परीक्षा में टॉप रैंकिंग हासिल की. साल 2025 की टॉप 50 लिस्ट में शामिल अपूर्वा वर्मा इन दिनों अपनी शादी की फोटो को लेकर चर्चाओं में हैं.
सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी शादी की तस्वीरें साझा की हैं जिसके बाद उनकी खूबसूरती के साथ सफलता की भी जमकर तारीफ की जा रही है. आइए एएसपी से आईएएस का सफर तय करने वाली अपूर्वा वर्मा की सफलता की कहानी जानते हैं.
IAS अपूर्वा ने अपने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की तस्वीर को साझा किया है जिसमें वो दुल्हन हैं और उनके पति दूल्हे हैं. पोस्ट को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है- 'दुल्हन समझ गई कि क्या करना है. दूल्हे ने कहा, मुझे देखो.' इस फोटो की शॉर्ट वीडियो में जब दूल्हा दिखता है तो उसमें एक सवाल लिखा है कि 'क्या आपने मेरे दूल्हे को देखा?' इस पोस्ट पर यूजर्स द्वारा अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दी गई है. सभी दोनों की जोड़ी की तारीफ करते नजर आ रहे हैं.
अपूर्वा वर्मा मूल रूप से बिहार के पश्चिमी चंपारण स्थित नरकटियागंज जिले के सुगौली गांव की रहने वाली हैं. उनके पिता का नाम अजीत कुमार वर्मा हैं जो बोकारो स्टील प्लांट में काम कर चुके हैं. बचपन से ही अपूर्वा पढ़ाई-लिखाई के मामले में अव्वल थीं. उन्होंने 12वीं पास करने के बाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में एडमिशन लिया. NIT मणिपुर में उन्होंने इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) की पढ़ाई की. यहां से बीटेक डिग्री लेने के बाद उन्हें प्रसिद्ध कंपनी L&T में नौकरी मिल गई थी.

अपूर्वा ने NIT प्लेसमेंट के दौरान मिली L&T कंपनी में नौकरी को छोड़ने का फैसला लिया. वो कॉरपोरेट नौकरी की जगह अपना भविष्य सिविल सेवा में देखने लगी थी. ऐसे में उन्होंने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और उन्हें आईपीएस का पद हासिल हुआ. दिल्ली पुलिस में ACP पद संभालने वाली अपूर्वा वर्मा ने फिर से परीक्षा दी और नतीजा ये रहा कि उन्हें UPSC 2025 में ऑल इंडिया रैंकिंग 42वीं रैंक हासिल हुई. इसके बाद उन्हें IAS अधिकारी का पद हासिल हुआ.

साल 2018 में अपूर्वा दिल्ली पढ़ाई करने के लिए आई. करोल बाग में रहकर उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की लेकिन पहली बार में उन्हें सफलता हासिल नहीं हुई. उन्होंने साल 2020 में फिर से यूपीएससी की परीक्षा देने के लिए अपनी कमियों पर काम किया. इसके बाद उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर DANIPS कैडर प्राप्त किया. ट्रेनिंग के बाद दिल्ली पुलिस में असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस का पद मिला.

एसीपी के पद पर तैनात रहने के साथ उन्होंने एक बार फिर यूपीएससी की परीक्षा देने का फैसला लिया. पति के प्रोत्साहन ने उन्हें यूपीएससी की तैयारी करवाई और फिर 42वीं रैंक के साथ उन्होंने अपने आईएएस बनने का सपना पूरा कर लिया. साल 2025 में उन्होंने इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस अधिकारी से शादी की थी और शादी के बाद ही उन्होंने UPSC एग्जाम देने के साथ सक्सेस हासिल की थी. आज हर कोई उनकी खूबसूरती, समझदारी और कामयाबी की तारीफ करता है.