)
University of Colorado Denver Campus in Hyderabad: कितना अच्छा हो अगर भारत में रहते हुए ही विदेशी पढ़ाई और अमरीकी यूनिवर्सिटी की डिग्री मिल सके? पढ़ाई के लिए अमेरिका, कनाडा या ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों का रुख न करना पड़े? अब ये भारत में भी मुमकिन हो गया है. दरअसल, दिग्गज विदेशी यूनिवर्सिटीज भारत में अपने कैंपस खोल रही हैं. गुजरात की GIFT सिटी में ऑस्ट्रेलिया की डिकन और वोलोंगॉन्ग यूनिवर्सिटी के बाद अब हैदराबाद में पहला अमरीकी कैंपस खुलने जा रहा है.
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने अमरीका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो डेनवर (CU Denver) को हैदराबाद में अपना डिग्री-ग्रांटिंग कैंपस खोलने की मंजूरी दे दी है. सीयू डेनवर को यूजीसी ने आशय पत्र भेजा है जिसके तहत हैदराबाद में यूनिवर्सिटी अपना कैंपस खोल सकती है.
हैदराबाद में स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो डेनवर के कैंपस में अगस्त 2027 में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू होगी. कैंपस द्वारा पहले बैच के लिए बिजनेस, एनालिटिक्स, कंप्यूटिंग और इंजीनियरिंग कई अन्य हाई डिमांड सेक्टर्स के कोर्स को शुरू किया जाएगा. यूनिवर्सिटी की ओर से दूसरे साल में अन्य नए कोर्स को लेकर प्रस्ताव रखा जा सकता है.
इस कैंपस का अकादमिक मॉडल सब्जेक्ट-बेस्ड शिक्षा को व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षा के साथ जोड़ेगा. इसके तहत छात्रों से न सिर्फ अपने पसंदीदा सब्जेक्ट में नॉलेज हासिल करने, बल्कि इंडस्ट्री और कार्यस्थल की व्यावहारिक जरूरतों के हिसाब से स्किल्स विकसित करने की भी उम्मीद की जाएगी.
इसके अलावा ये कैंपस इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग पर खास ध्यान केंद्रित करेगा, जिससे छात्रों को अलग-अलग विषयों के संयोजन से वास्तविक दुनिया की जटिल समस्याओं को सुलझाने के नए और प्रभावी अवसर मिलेंगे. यूनिवर्सिटी की ओर से भी ये कहा गया है कि हैदराबाद में उनके कैंपस के प्रोग्राम इस तरह से तैयार किए जाएंगे शिक्षा के साथ करियर की तैयारी वाले रहेंगे. छात्रों को कार्यस्थल की बदलती जरूरतों के हिसाब तैयारी करवाने पर ज्यादा जोर रहेगा.
अमेरिका की जानी-मानी यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो डेनवर की स्थापना 1973 में हुई थी. इसे यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो बोर्ड ऑफ रीजेंट्स द्वारा चलाया जाता है. इस यूनिवर्सिटी में करीब 14 हजार छात्र पढ़ते हैं, जिनमें 100 से भी ज्यादा देशों के विदेशी स्टूडेंट शामिल हैं. खास बात ये है कि इसे R1 रिसर्च इंस्टीट्यूट का दर्जा हासिल है, जो सिर्फ उन चुनिंदा वैश्विक यूनिवर्सिटीज को मिलता है जहां सबसे ऊंचे स्तर की रिसर्च और पढ़ाई होती है.