NEET PG Counselling 2026: पोस्टग्रेजुएट (PG) मेडिकल कोर्स में एडमिशन का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट पीजी 2026 काउंसलिंग के लिए फाइनल सीट मैट्रिक्स जारी कर दिया है. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर विभिन्न कोटा, कैटेगरी और संस्थानों के आधार पर उपलब्ध सीटों की पूरी सूची देख सकते हैं.
जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के तहत MD और MS कोर्सों के लिए 13,522 सीटें उपलब्ध हैं. इसके अलावा DNB कार्यक्रमों के लिए 9,201 सीटें, 727 सेंट्रल इंटरनल कोटा सीटें और डीम्ड यूनिवर्सिटीज में 7,537 सीटें भी शामिल हैं.
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर DNB सीट मैट्रिक्स में सरकारी और प्राइवेट दोनों संस्थानों की सीटें शामिल हैं जिनमें सरकारी DNB प्रोग्राम के लिए कुल 2,582 सीटें हैं, जबकि प्राइवेट DNB प्रोग्राम में कुल 6,619 सीटें हैं. इस तरह से कुल मिलाकर DNB की 9,201 सीटें उपलब्ध हैं.
NEET PG राउंड 1 काउंसलिंग 2026 की जरूरी तिथियों को अपने पास जरूर नोट कर लें. नीट पीजी राउंड 1 काउंसलिंग के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 है. जबकि, चॉइस फिलिंग और लॉकिंग विंडो 14 अक्टूबर से खुलेगी और 22 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. राउंड 1 सीट के तहत अलॉटमेंट रिजल्ट की घोषणा 24 अक्टूबर 2026 को होगी. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वो काउंसलिंग के लिए अपने कॉलेज और कोर्स के ऑप्शन को भरने से पहले उपलब्ध सीट की बारे में अच्छे से जांच जरूर कर लें.