)
NEET UG 2026 Paper Leak: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट यानी नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 14वें आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है. नीट पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए गठित स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट के तहत दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत में आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है. कोर्ट के आदेश अनुसार आरोपी को भी चार्जशीट की एक कॉपी सौंप दी जाए.
जानकारी के लिए बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी 14वां आरोपी है. हालांकि, चार्जशीट दाखिल होने का मतलब ये नहीं है कि अपराध साबित हो गया है. आगे की कार्यवाही अदालत में होगी और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी. 22 अक्टूबर, गुरुवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत में इस मामले की सुनवाई की जाएगी.
नीट पेपर लीक मामले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी के खिलाफ एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है. 2 सितंबर 2026 को आरोपी शेषराव की गिरफ्तारी की गई थी. कोर्ट की ओर से पहले ही 13 आरोपियों के खिलाफ जारी मुख्य चार्जशीट का संज्ञान लिया जा चुका है.
NEET-UG 2026 paper leak case | Central Bureau of Investigation (CBI) filed a supplementary charge before Rouse Avenue Court. The supplementary charge sheet is filed against Sheshrao Bajrang Suryavanshi. The court will hear the submissions on supplementary charge sheet on October 22. The CBI Court has already filed a main charge sheet against 13 accused persons. The court has already taken cognizance of the main charge sheet. Further investigation was being conducted by the CBI. Accused Sheshrao Bajrang Suryavanshi was arrested on September 2.
— ANI (@ANI) October 14, 2026
सीबीआई के अनुसार 14वें आरोपित शेषराव बजरंग सूर्यवंशी पर नीट पेपर को बेचने का आरोप है. उनके अनुसार सूर्यवंशी ने कथित तौर पर नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों और उनके परिवारों को पैसे देकर प्रश्न पत्र दिया था. जांच एजेंसी के अनुसार वो उम्मीदवारों को महाराष्ट्र के नांदेड़ में लेकर गया था, वहां एक मकान में उसने नीट पेपर के प्रश्न लीक किए थे. एजेंसी द्वारा आरोप लगाया गया है कि उम्मीदवारों से बाद में पेमेंट लेने के लिए उनके मूल दस्तावेज और एजुकेशन सर्टिफिकेट को अपने पास जमा भी किया था. हालांकि, नीट पेपर लीक मामले में सभी आरोपों की पुष्टि को कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही माना जाएगा.
इस साल 3 मई 2026 को नीट यूजी परीक्षा का आयोजन किया गया था, जिसके कुछ दिनों बाद नीट पेपर लीक होने का खुलासा हुआ था. राजस्थान में गेग पेपर मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए थे जिसने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के एग्जाम सिस्टम पर कई सवाल खड़े किए. बड़े पैमाने में नीट पेपर लीक मामले की पुष्टि होने के बाद NTA और केंद्र सरकार ने 12 मई 2026 को नीट यूजी परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया था.
इसके बाद नीट यूजी री-एग्जाम का आयोजन 21 जून 2026 को किया गया. नीट पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई और अब जांच पूरी होने के साथ मामले की सुनवाई 22 अक्टूबर 2026 को राउज एवेन्यू अदालत में की जाएगी.