)
IIT Bombay Fire News: मुंबई के पवई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे परिसर में गुरुवार (8 अक्टूबर) देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. रात करीब 10:30 बजे कैंपस के भीतर एक निर्माणाधीन साइट के लेबर कैंप में LPG सिलेंडर लीकेज के कारण अचानक भीषण आग भड़क उठी. इस हादसे में दो मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
जानकारी के अनुसार, दिनभर का काम खत्म करने के बाद मजदूर कैंप में मौजूद थे. उसी दौरान पास में रखे एक गैस सिलेंडर से अचानक रिसाव शुरू हो गया. सिलेंडर से गैस लीक होते देख पास खेल रहे बच्चे उसे देखने लगे कि तभी आग तेजी से भड़क उठी. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने दौड़े मजदूर भी लपटों की चपेट में आ गए.
हादसे में झुलसे लोगों की पहचान 9 वर्षीय तहजीब आलम, 12 वर्षीय अंश अहिरवार, 23 वर्षीय अनिलकुमार यादव, 34 वर्षीय शिवकुमार सिंह और 37 वर्षीय ईश्वर सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, जब सिलेंडर से गैस लीक हुई, तब दोनों मासूम बच्चे तहजीब और अंश उसकी चपेट में आ गए. उन्हें बचाने के लिए जब अन्य साथी मजदूर दौड़े, तो वो भी भयानक आग की लपटों में झुलस गए. फिलहाल, सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया. घायलों को तुरंत पास के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया. वहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया लेकिन 4 लोगों की स्थिति काफी नाजुक थी जिस वजह से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें कस्तूरबा अस्पताल रेफर कर दिया गया.
स्थिति पर काबू पाने के बाद पुलिस अब इस चीज की जांच कर रही है कि आखिर सिलेंडर लीकेज और आग लगने की मुख्य वजह क्या थी. घायलों का इलाज अस्पताल में हो रहा है. मामले की जांच अभी जारी है.
जानकारी के लिए बता दें कि आईआईटी बॉम्बे पिछले कुछ समय से विवादों के कारण भी सुर्खियों में रहा है. हाल ही में मृतक छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों ने संस्थान के प्रोफेसर पर मानसिक प्रताड़ना और जातिगत भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए थे. इस मामले में SC/ST अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद संस्थान ने संबंधित प्रोफेसर (डीन) को पद से निलंबित कर दिया था और अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी.