SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

विदेश में बसे भारतीयों को कैसे मिलता है 'लाइफटाइम वीजा', आखिर क्या होता है OCI कार्ड?

विदेश में बसे भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों के लिए भारत सरकार की 'ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया' (OCI) स्कीम बहुत खास है. अक्सर लोग इसे दोहरी नागरिकता समझ लेते हैं, लेकिन असल में ये एक खास इमिग्रेशन दर्जा है.

Written By Simran Singh
Published: Oct 17, 2026, 01:24 PM IST | Updated: Oct 17, 2026, 02:14 PM IST
Join

ओसीआई कार्ड... ये नाम इन दिनों काफी चर्चा में बना हुआ है. दरअसल, अभिनेता इमरान खान को भारत सरकार की ओर से एक नोटिस जारी किया गया है जिसमें उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है. फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस द्वारा ये नोटिस उन्हें उस वक्त भेजा गया जब वो मुंबई में हुए एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा बने थे. अमेरिका के नागरिक इमरान खान के पास ओसीआई कार्ड है और वो भारत में रहते हैं तो इसका मतलब ये नहीं है कि उनके पास भारत की भी नागरिकता है.

'ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया' (OCI) योजना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. ओसीआई योजना क्या है? कैसे किसी भारतीय को विदेश का लाइफटाइम वीजा मिलता है? क्या भारत में डुअल नागरिकता की अनुमति दी जाती है. आइए इन सबके बारे में विस्तार से जानते हैं.

क्या इमरान खान भारतीय नागरिक हैं?

नहीं, अभिनेता इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं. वो एक अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास OCI कार्ड है. ओसीआई कार्डधारकों को भारत आने-जाने के लिए बार-बार वीजा की जरूरत नहीं होती, बल्कि उन्हें जीवनभर कितनी भी बार भारत आने और बिना समय सीमा के रहने की अनुमति मिलती है. ये कार्ड उनके लिए लाइफटाइम मल्टी-पर्पज वीजा होता है. इसके अलावा उन्हें भारत में काम करने और अन्य वित्तीय सुविधाएं भी मिलती हैं.

विदेश में बसे भारतीयों को कैसे मिलता है लाइफटाइम वीजा?

'ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया' (OCI) योजना के तहत भारतीय मूल के पात्र विदेशी नागरिकों को लाइफटाइम वीजा मिलता है. असल में OCI कार्ड को ही भारतीय मूल के लोगों के लिए 'लाइफटाइम वीजा' कहा जाता है. ये कार्ड विदेशी नागरिकों को जीवनभर बिना किसी वीजा के भारत आने-जाने और यहां अनिश्चितकाल तक रहने की सुविधा प्रदान करता है. इसके साथ ही, कार्डधारकों को भारत में व्यापार करने, संपत्ति खरीदने और कई अन्य आर्थिक और शैक्षणिक सुविधाएं मिलती हैं.

क्या होती है OCI योजना?

अगस्त 2005 में नागरिकता अधिनियम, 1955 में संशोधन के माध्यम से ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) स्कीम की शुरुआत की गई थी. इस स्कीम को उत्तरी अमेरिका और अन्य विकसित देशों में रह रहे भारतीय मूल के लोगों की मांगों को ध्यान में रखते हुए लाया गया था. इसकी औपचारिक शुरुआत जनवरी 2006 में हैदराबाद में आयोजित 'प्रवासी भारतीय दिवस' सम्मेलन के दौरान हुई थी. OCI कार्ड होने का ये मतलब बिल्कुल नहीं है कि धारक के पास दोहरी नागरिकता है. OCI कार्डधारक कानूनी रूप से एक विदेशी नागरिक ही रहता है और उसके पास भारतीय नागरिकता नहीं होती है.

क्या OCI कार्डधारक भारत में विरोध प्रदर्शन में हिस्सा ले सकते हैं?

OCI कार्डधारकों को भारत में रहने और काम करने की आजादी तो मिलती है, लेकिन 'फॉरेनर्स एक्ट' और आव्रजन नियमों के तहत किसी भी विदेशी नागरिक या OCI कार्डधारक को भारत में राजनीतिक गतिविधियों, धरना-प्रदर्शन या विरोध रैलियों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं होती है. ये ही वो नियम है जिसका उल्लंघन करने के कारण अभिनेता इमरान खान को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस ( FRRO) ने नोटिस जारी किया है.

ये भी पढ़ें- यूनिवर्सिटी में एडमिशन मिला, लेकिन AI ने डुबा दिया वीजा! आयरलैंड में 64% भारतीय छात्रों के आवेदन हुए रिजेक्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES