रेलवे में बनाना है करियर? गुजरात की इस यूनिवर्सिटी में पढ़ें Railway Engineering से लेकर Logistics तक, ऐसे मिलेगा एडमिशन
रेलवे और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं? गुजरात की गति शक्ति यूनिवर्सिटी में BTech, MTech और MBA समेत कई कोर्स हैं. जानें कौन से कोर्स, कितनी सीटें और एडमिशन के लिए कौन सी परीक्षा देनी होगी?
अगर आपका लक्ष्य रेलवे, ट्रांसपोर्टेशन या लॉजिस्टिक्स सेक्टर में करियर बनाना है, तो गुजरात के वडोदरा स्थित गति शक्ति विश्वविद्यालय (GSV) आपके लिए एक खास विकल्प हो सकता है. यह परिवहन और लॉजिस्टिक्स पर फोकस करने वाली यूनिवर्सिटी है. यहां सिर्फ रेलवे की पढ़ाई ही नहीं होती, बल्कि इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, एविएशन, लॉजिस्टिक्स और दूसरे ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े कोर्स भी उपलब्ध हैं.
गति शक्ति विश्वविद्यालय का पुराना नाम नेशनल रेल एंड ट्रांसपोर्टेशन इंस्टीट्यूट (NRTI) था. NRTI की शुरुआत 26 जुलाई 2018 को डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूप में हुई थी. बाद में 2022 में केंद्रीय विश्वविद्यालय (संशोधन) अधिनियम के जरिए इसे गति शक्ति विश्वविद्यालय के रूप में केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिला. विश्वविद्यालय का उद्देश्य परिवहन क्षेत्र के लिए शिक्षा, ट्रेनिंग, स्किलिंग और रिसर्च को बढ़ावा देना है.
BTech में कौन-कौन से विकल्प हैं?
GSV के 2026-27 एडमिशन नोटिफिकेशन के अनुसार BTech के सभी प्रोग्राम चार साल के रेगुलर कोर्स हैं. रेलवे और ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े प्रमुख विकल्पों में सिविल इंजीनियरिंग-रेल इंजीनियरिंग स्पेशलाइजेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग-रेल इंजीनियरिंग स्पेशलाइजेशन, मैकेनिकल इंजीनियरिंग-रेल इंजीनियरिंग स्पेशलाइजेशन और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग-रेल इंजीनियरिंग स्पेशलाइजेशन शामिल हैं. इनमें प्रत्येक में 60 सीटें बताई गई हैं.
AI और Aviation की पढ़ाई भी होगी?
GSV में पढ़ाई सिर्फ पारंपरिक रेलवे इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं है. यहां Artificial Intelligence and Data Science-Transportation and Logistics Specialization में 60 सीटें हैं. इसके अलावा Aviation Engineering में 40 और Maritime Engineering में 30 सीटें हैं. यानी ट्रांसपोर्ट सेक्टर के अलग-अलग हिस्सों में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए भी विकल्प मौजूद हैं.
MTech में क्या पढ़ सकते हैं?
पोस्टग्रेजुएशन स्तर पर भी रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई विकल्प मिलते हैं. इनमें MTech in Railway Engineering, MTech in Intelligent Transport System, MTech in Bridge and Tunnel Engineering और MTech in Roads and Highway Engineering जैसे प्रोग्राम शामिल हैं. कुछ कार्यक्रम वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए भी उपलब्ध हैं.
MBA में कौन से कोर्स हैं?
जो विद्यार्थी टेक्निकल फील्ड के बजाय ट्रांसपोर्टेशन और बिजनेस मैनेजमेंट में जाना चाहते हैं, उनके लिए भी ऑप्शन हैं. GSV में लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट तथा पोर्ट्स एंड शिपिंग लॉजिस्टिक्स में MBA प्रोग्राम उपलब्ध हैं. वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्टेशन, मेट्रो रेल मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट और एविएशन ऑपरेशंस मैनेजमेंट जैसे ऑप्शन भी दिए गए हैं.
BTech में एडमिशन कैसे मिलेगा?
GSV के BTech प्रोग्राम में एडमिशन के लिए JEE Main 2026 क्वालिफाई करना जरूरी है. इसके बाद उम्मीदवारों को JoSAA/CSAB की सीट अलोकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसका मतलब यह है कि सिर्फ JEE Main पास करने से GSV में सीट तय नहीं हो जाती. JEE Main स्कोर के आधार पर सीट आवंटन किया जाएगा.
PG में कौन सी परीक्षा देनी होगी?
PG कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया कोर्स के अनुसार अलग हो सकती है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग CET, CUET-PG, CAT, XAT या MAT जैसे स्कोर के आधार पर हो सकती है. इसके बाद प्रवेश परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है. इसलिए जिस कोर्स में एडमिशन लेना है, उसके लिए संबंधित आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देखना चाहिए.
किसके लिए है यह यूनिवर्सिटी?
अगर आप 12वीं के बाद रेलवे इंजीनियरिंग, ट्रांसपोर्टेशन, लॉजिस्टिक्स या इससे जुड़े आधुनिक क्षेत्रों में पढ़ाई करना चाहते हैं, तो GSV एक अलग तरह का विकल्प देता है. वहीं इंजीनियरिंग या मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुके उम्मीदवारों के लिए MTech, MBA और रिसर्च के रास्ते भी मौजूद हैं. यहां की खासियत यह है कि पढ़ाई को रेलवे और व्यापक ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर की जरूरतों से जोड़ने पर जोर दिया जाता है.