)
Film Hanuman Ansh: फिल्म 'हनुमान अंश' की लोकप्रियता दिन-प्रतिदिन इस तरह बढ़ती जा रही है कि कमाई के नए-नए रिकॉर्ड बनते जा रहे हैं. कमाई के एक मामले में 'हनुमान अंश' ने तो 'धुरंधर' जैसी मेगा बजट की फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है. जिस 'धुरंधर-2' ने कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया था, वो भी 'हनुमान अंश' के सामने बौनी पड़ गई है और ये सब संभव हुआ है नीम करोली बाबा के उन विचारों की वजह से, जिन्हें फिल्म में दिखाया गया है. आज हम आपको बताएंगे कि सिर्फ 2 करोड़ में बनी फिल्म ने लोकप्रियता और कमाई के मामले में किन-किन मेगा बजट की फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और आगे कितनी कमाई होने की उम्मीद है?
राज कपूर का मानना था कि 'फिल्म केवल दिमाग से नहीं, दिल से बनती है. जब दर्शक पर्दे पर अपनी आस्था और संस्कृति का अक्स देखता है, तो वह फिल्म को सिर्फ देखने नहीं जाता, उसे पूजने जाता है. ऐसी फिल्में इतिहास रचती हैं.' 'हनुमान अंश' इसी तरह इतिहास बना रही है. फिल्म को रिलीज हुए आज 33 दिन हो चुके हैं. अमूमन 33 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कोई भी फिल्म उतार पर होती है, लेकिन 'हनुमान अंश' की धाक बढ़ती ही जा रही है. ये फिल्म हर बीतते दिन के साथ नया रिकॉर्ड बनाती जा रही है. फिल्म ने 5वें सोमवार यानी 32वें दिन बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए साढ़े 9 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है.
आपको जानकर हैरानी होगी कि सिर्फ 2 करोड़ में बनी इस फिल्म ने रिलीज होने के 32वें दिन साढ़े 9 करोड़ का शानदार नेट कलेक्शन किया है. जिस 'धुरंधर' ने कमाई के कीर्तिमान बनाए थे, वो 'धुरंधर' हो, 'पुष्पा-2' हो या फिर 'बाहुबली', 'केजीएफ' या 'स्त्री' हो, किसी ने भी बॉक्स ऑफिस पर 32वें दिन इतनी कमाई नहीं की. बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार के बाद भी 5वां हफ्ता आते-आते बड़ी-बड़ी फिल्में हांफ जाती हैं, लेकिन 32वें दिन 'हनुमान अंश' की लोकप्रियता ने कैसे सबको पीछे छोड़ दिया. आइए वो समझते हैं.

'पुष्पा-2' ने 32वें दिन 7 करोड़ 20 लाख रुपये की कमाई की थी, जबकि उस दिन रविवार था. मतलब, छुट्टी के दिन भी 'पुष्पा-2', 'हनुमान अंश' की बराबरी नहीं कर पाई थी. 'स्त्री-2' ने पौने 7 करोड़ का कलेक्शन किया था. उस दिन भी रविवार ही था. जबकि कल, यानी 'हनुमान अंश' के 32वें दिन सोमवार था, मतलब पहला वर्किंग डे. फिर भी कमाई में 'हनुमान अंश', 'स्त्री-2' से कहीं आगे रही. 'केजीएफ चैप्टर-2' ने भी 32वें दिन पौने छह करोड़ के करीब कलेक्शन किया था. 'हनुमान अंश' की तरह 'धुरंधर' का 32वां दिन भी सोमवार पड़ा था. 'धुरंधर-2' ने ओवरऑल कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. आज तक जिस भारतीय फिल्म से ज्यादा किसी दूसरी फिल्म ने कमाई नहीं की, उस फिल्म ने भी 32वें दिन सिर्फ 5 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी, जबकि 'हनुमान अंश' ने साढ़े 9 करोड़ का कलेक्शन किया है. फिल्म 'बाहुबली-2' 32वें दिन तीन करोड़ भी नहीं कमा पाई थी.
मतलब, आप कह सकते हैं कि 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस की बाजी पलट दी है. बॉलीवुड के इतिहास की सबसे बड़ी सक्सेसफुल फिल्मों में शुमार हो चुकी है. इसे रिलीज हुए पांच हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन इसकी कमाई में अभी तक कोई भारी गिरावट नहीं आई है. इस हफ्ते 'मिर्जापुर द मूवी' जैसी बड़ी फिल्म पर्दे पर आई, इसके बावजूद 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है. 2 करोड़ की फिल्म 131 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. मतलब, फिल्म का प्रॉफिट लगभग 66 गुना ज्यादा हो चुका है. जबकि 1852 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके कीर्तिमान बनाने वाली फिल्म 'धुरंधर 2' ने भी सिर्फ 7 गुना ज्यादा कमाई की थी. अगर निवेश और कमाई के लिहाज से देखेंगे, तो अब तक के हिसाब से 'हनुमान अंश' ने एक रुपये खर्च करके 66 रुपये की कमाई की, जबकि 'धुरंधर 2' ने एक रुपये के खर्च पर साढ़े 7 रुपये से भी कम कमाई की थी.
प्रसिद्ध फिल्मकार सत्यजीत रे का मानना था कि, 'तकनीक और बड़ा बजट आपको एक अच्छी शुरुआत दे सकते हैं, लेकिन केवल गहरा मानवीय लगाव और अटूट विश्वास ही किसी फिल्म को अमर और कालजयी बना सकता है. फिल्म 'हनुमान अंश' की शुरुआत भी धीमी रही थी, लेकिन मानवीय लगाव और अटूट विश्वास ने इसको भी धीरे-धीरे कालजयी फिल्म की श्रेणी में खड़ा कर दिया है. बॉलीवुड के बड़े-बड़े दिग्गज इस फिल्म के दीवाने हो गए हैं. एक्ट्रेस तनुजा अपनी बेटी तनीषा मुखर्जी के साथ इस फिल्म को देखने थिएटर पहुंची थीं. उन्होंने इस फिल्म को दिल छू लेने वाला बताया.

'धुरंधर' फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने फिल्म को सिनेमाई जगत के लिए एक बड़ी केस स्टडी बताते हुए, इसके मेकर्स और कंटेंट की खुलकर तारीफ की है. सोचिए, जिस फिल्मकार ने खुद 18 सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली फिल्म बनाई है. वो 'हनुमान अंश' को केस स्टडी बता रहा है. प्रीति जिंटा, मधुर भंडारकर और कुणाल खेमू भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं. वरुण धवन भी मां के साथ फिल्म देखने पहुंचे थे. वो भी इस फिल्म के बड़े प्रशंसकों में शामिल हो चुके हैं. हम आपको बताते हैं, वरुण धवन ने क्या कहा?
इसी तरह की माउथ पब्लिसिटी ने इस फिल्म को उस मुकाम पर पहुंचा दिया, जो एक तरह से अकल्पनीय जैसा है. अकल्पनीय जैसे शब्द का प्रयोग इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि 7 अगस्त को सिर्फ 25 स्क्रीन्स पर फिल्म रिलीज हुई थी. फिल्म ने पहले दिन मात्र 10 लाख रुपये कमाए थे. पहले पूरे हफ्ते में फिल्म ने 1 करोड़ से थोड़ा ज्यादा और दूसरे हफ्ते में सिर्फ 40 लाख का बिजनेस किया था. मतलब, दो हफ्ते में लागत भी वसूल नहीं हो पाई थी. लेकिन फिल्म ने तीसरे हफ्ते में गति पकड़ी, तो बॉक्स ऑफिस की बाजी ही पलट कर रख दी. हालांकि, ये पहली बार नहीं हुआ है, जब किसी धार्मिक फिल्म ने अपनी सफलता से हर किसी को चौंकाया है. इससे पहले भी कई मूवीज ऐसा ही कारनामा कर चुकी हैं.

साल 1975 में फिल्म 'जय संतोषी मां' को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था. उस वक्त इस फिल्म का बजट महज 25 लाख रुपये था और इसने वर्ल्डवाइड 5 करोड़ से अधिक का कारोबार किया था. ऐसे ही, 'कार्तिकेय 2' फिल्म 2022 में रिलीज हुई थी. भगवान कृष्ण की अनोखी कहानी के इर्द-गिर्द बुनी गई फिल्म 'कार्तिकेय 2' ने 15 करोड़ के बजट में ग्लोबली 121 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. साल 2024 में सिनेमाघरों में 'हनु-मैन' नाम की फिल्म रिलीज हुई थी. भारतीय पौराणिक कथाओं पर बनी इस फिल्म की लागत 40 करोड़ थी, लेकिन इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 350 करोड़ का ऐतिहासिक कलेक्शन कर हर किसी को चौंका दिया था.
इसी तरह, जुलाई 2025 में भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिम्हा और उनके प्रिय भक्त प्रहलाद की कहानी को लेकर एक फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' बनी थी. इसका बजट 40 करोड़ रहा था और इसने पूरी दुनिया में 325 करोड़ की कमाई की थी और अब नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी में है. श्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्मों में शुमार हो चुकी इस फिल्म को लेकर जानकारों का कहना है कि ये फिल्म अभी और कमाई करने वाली है.
![]()
फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता में आस्था और विश्वास का बड़ा योगदान है. हनुमान जी की आस्था की जब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है, तब उज्जैन का एक हनुमान मंदिर भी चर्चित हो गया है. सड़क चौड़ीकरण की वजह से 170 साल पुराने खड़े हनुमान मंदिर को हटाने की कोशिश की जा रही है. भारी मशीनों से चार बार मूर्ति हटाने के प्रयास भी किए गए, लेकिन प्रतिमा अपने स्थान से टस से मस नहीं हुई. मंदिर भवन के गर्भगृह और मुख्य ढांचे को तोड़ा जा चुका है, लेकिन प्रतिमा नहीं हट पा रही है. पुरानी निर्माण तकनीक और प्रतिमा की संरचना को देखते हुए इसे हटाने पर दरार आने या प्रतिमा का चोला गिरने की आशंका जताई गई है. अब आर्कियोलॉजिस्ट की टीम अत्याधुनिक मशीनों से प्रतिमा के आधार, अंदरूनी संरचना और आसपास की मिट्टी की स्कैनिंग करेगी. रिपोर्ट आने के बाद ही प्रतिमा को हटाने की अगली तकनीक तय की जाएगी.