कश्मीरी युवक मारपीट मामले में FIR दर्ज, कांग्रेस के प्रोटेस्ट में राहुल के समर्थकों ने पीटा था!
कश्मीरी युवक फहीम नजीर के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. श्रीनगर के रहने वाले फहीम ने आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचा था, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की. उसने कहा कि राहुल गांधी से सवाल पूछना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा है.
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान कश्मीरी युवक के साथ कथित मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के रहने वाले युवक की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. युवक ने आरोप लगाया था कि गुरुवार को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचा था. वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की. पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जाएगा.
असल में कश्मीरी युवक की पहचान फहीम नजीर के रूप में हुई है. घटना के बाद उसने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि उसने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कोई अपशब्द नहीं कहे थे. इसके बावजूद उसे बुरी तरह पीटा गया. फहीम ने कहा कि राहुल गांधी से सवाल पूछना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा है. उसने ईवीएम के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी और कहा कि 1998 में पहली बार राजीव गांधी ईवीएम लेकर आए थे. आप सभी के पास फुटेज है.
'देश में ऐसे हालात नहीं बनने देना चाहता'
फहीम में यह भी बताया था कि वह विरोध प्रदर्शन के दौरान सवाल उठाने के लिए पहुंचा था. मगर उसके साथ मारपीट की गई. फहीम नजीर ने घटना के बाद अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह लोगों को एक कथित साजिश के बारे में जागरूक करने की पहल कर रहा है. उसने आरोप लगाया कि भारत में नेपाल या बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने की साजिश चल रही है. युवक ने कहा कि वह भारत का नागरिक है और देश में ऐसे हालात नहीं बनने देना चाहता.
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज
हालांकि ये आरोप फहीम ने खुद लगाए हैं और पुलिस की जांच में इनकी पुष्टि होना अभी बाकी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जाएगी. इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में भीड़ के बीच कश्मीरी युवक को धक्का देते और उसके साथ मारपीट करते हुए कुछ लोग दिखाई देते हैं.
फिलहाल वीडियो के आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ, मारपीट में कौन-कौन शामिल था और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ. एफआईआर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है. जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति क्लियर होगी.
इधर कश्मीरी युवक के साथ कथित मारपीट को लेकर बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस की आलोचना की है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अराजक मानसिकता दिखाने का आरोप लगाया. बीजेपी प्रवक्ता साजिद यूसुफ शाह ने भी घटना की निंदा की और असहमति तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रति कांग्रेस पर सवाल उठाए.