जंतर-मंतर प्रोटेस्ट इफेक्ट: दिल्ली के स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई, कॉलेजों ने टालीं परीक्षाएं
Delhi: जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा चिंताओं और मेट्रो सेवाओं में संभावित रुकावट के चलते दिल्ली के कई स्कूलों ने ऑनलाइन क्लास शुरू की हैं और गतिविधियां रद्द की हैं. वहीं कॉलेजों ने 10 अक्टूबर की मिड-टर्म परीक्षाएं टालकर 12 अक्टूबर को कराने का फैसला किया है.
दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले कई बड़े फैसले लिए गए हैं. इसी कड़ी में दिल्ली के कई स्कूलों और कॉलेजों ने अपने कार्यक्रमों में बदलाव किया है. कुछ स्कूलों ने शनिवार को ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का फैसला किया है जबकि कुछ ने गतिविधियां रद्द कर दी हैं. इसके अलावा कई कॉलेजों ने 10 अक्टूबर को होने वाली मिड-टर्म परीक्षाएं भी टाल दी हैं. स्कूलों ने छात्रों की सुरक्षा और आने-जाने में संभावित परेशानी को देखते हुए ये फैसले लिए हैं.
6 से 12 तक के छात्रों की पढ़ाई ऑनलाइन
असल में दिल्ली पुलिस की तरफ से कई मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का अनुरोध किए जाने के बाद शिक्षण संस्थानों ने अपने कार्यक्रमों की समीक्षा की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को सूचना दी है कि शनिवार को कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से होगी. स्कूल ने नई दिल्ली इलाके में बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग और छात्रों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को इस फैसले की वजह बताया है.
इसके साथ ही शुक्रवार के लिए स्कूल की स्टे-बैक सुविधा भी बंद कर दी गई है. शनिवार को होने वाले स्कूल के एक्टिविटी वीक के उद्घाटन कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है. स्कूल प्रबंधन ने कहा है कि कार्यक्रम की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी. इस बदलाव के चलते छात्रों को शनिवार को स्कूल आने के बजाय घर से ही ऑनलाइन पढ़ाई करनी होगी.
रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने भी शनिवार को होने वाली पैरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) का कार्यक्रम बदल दिया है. यह बैठक छात्रों की रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा करने के लिए आयोजित की जानी थी. हालांकि, सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए स्कूल ने इसे दूसरी तारीख पर कराने का फैसला किया है. स्कूल की ओर से अभिभावकों को बताया गया है कि बैठक का नया कार्यक्रम जल्द साझा किया जाएगा.
वहीं, कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित भारतीय विद्या भवन के मेहता विद्यालय ने शनिवार को होने वाली खेल दिवस की प्रैक्टिस और कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की एनरिचमेंट क्लास रद्द कर दी हैं. स्कूल ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये गतिविधियां रद्द करने का फैसला लिया है.
कॉलेजों की परीक्षाएं टलीं
स्कूलों के साथ-साथ दिल्ली के कॉलेजों में भी सुरक्षा इंतजामों का असर दिखाई दिया है. पश्चिम विहार स्थित भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने 10 अक्टूबर को होने वाली मिड-टर्म परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. कॉलेज के नोटिस के अनुसार, अब ये परीक्षाएं सोमवार, 12 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी. यह फैसला कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद होने की आशंका और मेट्रो सेवाओं में संभावित बाधा को देखते हुए लिया गया है.
कॉलेज ने बताया कि यह निर्णय गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन, कम्युनिकेशन एंड टेक्नोलॉजी (यूएसआईसीटी) के डीन और दिल्ली पुलिस की ट्रांसपोर्ट रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है. बदली हुई तारीख पर परीक्षा का समय पहले जैसा ही रहेगा.
मेट्रो पर पाबंदियों की आशंका
उधर रोहिणी स्थित महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने भी 10 अक्टूबर को होने वाली मिड-टर्म परीक्षाएं स्थगित करके 12 अक्टूबर को कराने का फैसला किया है. संस्थान ने बताया कि दिल्ली पुलिस की ओर से मेट्रो सेवाओं पर संभावित प्रतिबंधों को लेकर मिली सूचना के बाद परीक्षा कार्यक्रम बदला गया है.
संशोधित कार्यक्रम को यूएसआईसीटी, जीजीएसआईपीयू के डीन और बीटेक प्रोग्राम कोऑर्डिनेशन कमेटी की मंजूरी मिली है. विभागाध्यक्षों को शिक्षकों और छात्रों तक इस बदलाव की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं.
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) से 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट शुक्रवार रात 9 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने का अनुरोध किया है. पुलिस ने आशंका जताई है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग संवेदनशील स्थानों की ओर बढ़ सकते हैं. इसी वजह से स्कूलों और कॉलेजों ने छात्रों की सुरक्षा, यात्रा में संभावित परेशानी और परीक्षाओं में उनकी भागीदारी को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं. input - pti
इसे भी पढ़ें- 'वर्दी के पीछे भी एक इंसान है...' दिल्ली पुलिस ने नागरिकों को लिखा ओपन लेटर, अपना फर्ज भी याद दिलाया