SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ लामबंद हुए किसान, 100 से ज्यादा संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों के हितों पर असर पड़ने की आशंका जताते हुए दिल्ली में 100 से अधिक किसान संगठनों ने चेतावनी दी कि समझौते पर हस्ताक्षर से उनके हितों को नुकसान हुआ तो देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा.

Written By Renu Akarniya
Published: Oct 22, 2026, 11:13 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 11:28 PM IST
Image Credit: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ लामबंद हुए किसान, 100 से ज्यादा संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
Join

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने भारतीय किसानों को सतर्क कर दिया है. गुरुवार को नई दिल्ली में सौ से अधिक किसान संगठनों की बैठक हुई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगर सरकार ने भारतीय किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली ट्रेड डील के मसौदे पर हस्ताक्षर किए तो किसान देशव्यापी आंदोलन शुरू करने के लिए विवश होंगे.

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि भारत के साथ ट्रेड डील करने के लिए दोनों देश बिल्कुल करीब पहुंच गए हैं और यह डील पहले की डील से अलग होगी.

किसान संगठनों की यह बैठक देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले गुरुद्वारा रकाबगंज परिसर, नई दिल्ली में आयोजित की गई. सरकार के फैसलों पर पैनी नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन निर्णय लेने के लिए हरियाणा के किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को अधिकृत किया गया. उनके नाम का प्रस्ताव किसान नेता वी. एम. सिंह ने रखा, जिसे बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया. मोर्चा के कोर कमेटी के सदस्य विश्वात्मा भरत गांधी ने देश बचाओ मोर्चा को देश के सभी आंदोलनों का संयुक्त मोर्चा बनाने की अपील की. इस मोर्चे को सच्चे अर्थो में लोकतांत्रिक तरीके से संचालित करने और पारदर्शी तरीके से निर्णय लेने की प्रक्रिया विकसित करने की अपील की.

बैठक में महाराष्ट्र उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी. जी. कोलसे-पाटिल सहित कुछ अन्य लोगों को विभिन्न किसान एवं मजदूर संगठनों से संवाद करने के लिए अधिकृत किया गया.

बैठक में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि देश में मुख्य चुनाव आयुक्त के विरुद्ध चल रहे आंदोलन, ईवीएम के विरुद्ध आंदोलन तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से सत्ता परिवर्तन के लिए चलाए जा रहे आंदोलनों से संवाद स्थापित करने हेतु तीन प्रतिनिधिमंडल गठित किए जाएँगे.

देश बचाओ मोर्चा के साथ विभिन्न आंदोलनों का समन्वय स्थापित करने के लिए सभी प्रदेशों में कम-से-कम एक बैठक आयोजित की जाएगी. इन बैठकों में देश बचाओ मोर्चा की कोर कमेटी के अधिक-से-अधिक सदस्य उपस्थित रहेंगे.

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मणिपुर, महाराष्ट्र सहित कई अन्य प्रदेशों में किसान बचाओ मोर्चा की बैठकों की तारीखें और संयोजकों के नाम तय कर दिए गए हैं.

बैठक की अध्यक्षता पंजाब के बठिंडा जिले से आए जाने-माने किसान नेता जसबीर सिंह भट्टी ने की. बैठक का संचालन किसान नेता वी. एम. सिंह और गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने संयुक्त रूप से किया.

बैठक में किसान नेताओं के अलावा सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता महमूद प्राचा, भानु प्रताप सिंह, बलराज सिंह मलिक सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें: Delhi में 3 महीने तक इन वाहनों पर प्रतिबंध, नो-एंट्री से लेकर PUC तक... प्रदूषण नियंत्रण के लिए ये है रणनीति

(अशोक कुमार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES