)
ग्रेटर नोएडा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विस को सही करने के लिए प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है. चार नए रास्तों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही बसों की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है. बसों की संख्या 25 से 35 कर दी गई है. वहीं जहां से ज्यादा सवारी होती हैं उन रास्तों का सर्वेक्षण किया जा रहा है.
बढ़ाई जाएंगी बसें
दरअसल, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बस सेवा से जोड़ने के लिए और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जून में ही 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया था. इसमें 25-25 बसें ग्रेटर नोएडा और यमुना जबकि 50 बसें नोएडा प्राधिकरण द्वारा चलवाया जाएगा. इसके पहले यहां के चार रास्तों पर बसों का संचालन शुरू किया गया था. वरिष्ठ प्रबंधक अर्बन सर्विसेज सन्नी यादव के अनुसार, रूट की संख्या को बढ़ा दिया गया है. इसके बढ़ाकर 4 से 8 कर दिया गया है.
ये हैं 4 नए रूट
जिन रास्तों पर सवारियों की संख्या ज्यादा है उन रास्तों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है. सर्वेक्षण के आधार पर ये फैसला लिया है. वहीं चार नए रास्तों में नोएडा सेक्टर 37 - फेज 2 परी चौक -बिलासपुर - दनकौर टाउन, बॉटनिकल गार्डन - एडवांट बिल्डिंग - परी चौक - गौर यमुना सिटी - नोएडा एयरपोर्ट, एडवांट बिल्डिंग - नॉलेज पार्क 1 - स्वर्ण नगरी - जगत फार्म - नॉलेज --पार्क 2 और बॉटनिकल गार्डन - एडवांट बिल्डिंग - परी चौक - मिर्जापुर कट यमुना सिटी शामिल हैं.
चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाई जा रही है
ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग सुविधा को बेहतर बनाने के लिए चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाई जा रही है. अब तक चार से ज्यादा जगहों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के अनुसार, सार्वजनिक परिवहन को आम लोगों के लिए सुलभ और किफायती बनाने पर जोर दिया जा रहा है. यात्रियों की मांग और सर्वेक्षण के आधार पर बसों के नए रूट निर्धारित करने के साथ उनकी संख्या बढ़ाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है.