एक्टर बनना चाहता था आदित्य! BBA की पढ़ाई के बीच हुई मौत, पुलिस कर रही जांच
ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में गुरुवार तड़के 18 साल के BBA छात्र आदित्य अरोड़ा की मौत हो गई. आदित्य सोसायटी के टावर-A में अपने परिवार के साथ रहता था. वहां 19वीं मंजिल से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
सेंट्रल नोएडा के सिटी-2 प्रिस्टीन एवेन्यू सोसायटी में गुरुवार तड़के 18 साल के BBA छात्र आदित्य अरोड़ा ने 19वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि आदित्य एक्टर बनना चाहता था, लेकिन परिवार के दबाव में उसने BBA में दाखिला लिया था. हालांकि पढ़ाई को लेकर असमंजस ही उसकी मौत की वजह बनी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है.
क्यों किया सुसाइड
पुलिस ने बताया कि घटना तड़के करीब चार बजे की है. आदित्य सोसायटी के टावर-A में अपने परिवार के साथ रहता था. वो बिना किसी को बताए घर से निकला और दूसरे टावर-B में पहुंच गया. वहां 19वीं मंजिल की लॉबी से छलांग लगा दी, जिसके बाद नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
BBA में पढ़ता था छात्र
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आदित्य गाजियाबाद के एक निजी कॉलेज से बीबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था. बताया गया है कि एक्टिंग में आगे की पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन परिवार की अपेक्षाओं के चलते उसने BBA में दाखिला लिया था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वो किसी बात को लेकर नाराज था. हालांकि उसकी नाराजगी की असल वजह क्या थी और क्या उसका पढ़ाई से कोई सीधा संबंध था, ये स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस ने भी अभी आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस जांच कर रही है
आदित्य के परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई है. जानकारी के अनुसार, घटना से पहले उसे डांटने या परिवार में किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है. वो अपने टावर से निकलकर दूसरे टावर में क्यों गया और किन परिस्थितियों में उसने 19वीं मंजिल से छलांग लगाई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह का कहना है कि घटना वाली जगह से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. परिवार वालों की ओर से भी फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में झमाझम बारिश ने गजब कर दिया... प्रदूषण गायब, AQI पहुंचा 121
(ग्रेटर नोएडा से भूपेश प्रताप की रिपोर्ट)