दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. यमुना नदी में पहली बार क्रूज सेवा का ट्रायल शुरू किया जाएगा. इस सेवा को ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का नाम दिया गया है. ऐसे में लोग सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी में क्रूज से सफर कर सकेंगे. इसमें सफर करने में लोगों को लगभग 40 मिनट लगेंगे. वहीं इसमें सफर करने के लिए लोगों को 500 रुपये किराया देना होगा. वहीं दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मंत्री कपिल मिश्रा के साथ सोमवार को इस क्रूज सेवा का निरीक्षण किया.
इसके सॉफ्ट लॉन्च की तैयारी की जा रही है. इस क्रूज में एक बार में लगभग 30 लोग सफर कर सकते हैं. शुरुआत में चार से पांच दिन तक इसका ट्रायल किया जाएगा. ट्रायल जैसे ही पूरा हो जाएगा इसके बाद इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य लोगों को यमुना नदी से राजधानी की ऐतिहासिक विरासत और खूबसूरत नजारे देखने का नया अनुभव देना है.
इस परियोजना को यमुना रिवर फ्रंट के विकास से जोड़ा जा रहा है. साथ ही नदी के किनारे मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित की जाएगी. इस क्रूज को सोनिया विहार और जगतपुर के बीच लगभग 6 से 7 किलोमीटर के रूट पर चलाने की तैयारी की जा रही है. क्रूज को चलाने के पीछे का उद्देश्य कम दूरी की पर्यटन यात्रा और जल परिवहन को बढ़ावा देना है.
इस पहल का मकसद राजधानी में पर्यटन को बढ़ावा देना है. साथ ही यमुना को पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित करना है. क्रूज के शुरू होने से यमुना रिवर फ्रंट का विकास होगा. ऐसे में अब लोग नदी के रास्ते से दिल्ली के नजारे का आनंद ले सकेंगे.
इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने दिल्ली सरकार के कई विभागों के साथ समझौता किया है. इसमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, DDA, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम के नाम शामिल हैं.