दिल्ली में मौसम ने बदला मिजाज: दिन में गर्मी तो रात में ठंडक, अब अगले 5 दिन कैसे रहेगा मौसम
Delhi Weather Update: दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. दिन में हल्की धूप के चलते गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात के तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक का एहसास हो रहा है. उत्तर-पश्चिमी हवाओं से उमस से राहत मिली है.
Delhi Weather: दिल्ली-NCR में मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है. दोपहर में हल्की धूप के कारण थोड़ी गर्मी रहती है, लेकिन रात और सुबह के तापमान में हल्की गिरावट होने से ठंडक जैसा माहौल बन जाता है. मौसम साफ रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से उमस से कुछ राहत मिली है. दूसरी तरफ बारिश का दौर थमने के बाद अब दिल्ली की हवा में प्रदूषण बढ़ने लगा है.
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
1 अक्टूबर यानी कि आज राजधानी में सुबह हल्का ठंडक जैसा महसूस हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह के समय हवा में नमी का स्तर करीब 82 फीसदी दर्ज किया गया. लोगों को सुबह और रात में मौसम में ठंडक जैसा लग रहा है.
कल कैसा था मौसम?
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था. वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है. ऐसे में देखा जाए, तो दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ रहा है. साथ ही लोगों को दिन के मुकाबले रात और सुबह में हल्का ठंड जैसा भी महसूस हो रहा है.
अगले कुछ दिनों में मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में इस पूरे हफ्ते मौसम ड्राई रहने की संभावना है. 2 से 5 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान करीब 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं दिल्ली या इसके आसपास के इलाके में किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं है. इसके बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है. वहीं 5 अक्टूबर के आसपास अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
लोगों कब होगा गर्मी का एहसास
लोगों को दिन में धूप निकलने के कारण गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जबकि रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से हल्की ठंड महसूस हो सकती है. यानी आने वाले दिनों में दिल्ली में सुबह-रात सुहाना मौसम और दिन में गर्मी का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली की हवा में बढ़ा प्रदूषण
बारिश कम होने के साथ दिल्ली की हवा में प्रदूषण भी बढ़ रहा है. बुधवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 129 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. इससे एक दिन पहले मंगलवार को AQI 71 था. यानी महज 24 घंटे में AQI में 58 अंकों की बढ़ोतरी हुई.