App

कभी गुलजार थी वजीराबाद की ये गली, अब गंदगी और जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी

Delhi News: उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में गंदगी, जलभराव और खराब सड़कों से लोग लंबे समय से परेशान हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन समस्याओं का असर रोजमर्रा की जिंदगी और कारोबार पर पड़ रहा है.

कभी गुलजार थी वजीराबाद की ये गली, अब गंदगी और जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी

Delhi News: उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में गंदगी, जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यहां के लोगों का कहना है कि लंबे समय से बनी इन समस्याओं के कारण रोज की जिंदगी पर असर हो रहा है. कारोबार पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा  है. वहां के लोगों के अनुसार, कुछ परिवार परेशान होकर इलाके से दूसरी जगह जा चुके हैं, जबकि कई दूसरे परिवार भी यहां से जाने की तैयारी कर रहे हैं.

लोग गंदगी से हैं परेशान  
ये हाल वजीराबाद की 9/60 नंबर गली का है. यहां के लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले तक ये इलाका काफी चहल-पहल वाला था, लेकिन अब यहां कई दुकानों और मकानों में सन्नाटा पसरा रहता है. सड़क किनारे बनी मार्केट में भी कई दुकानें बंद हैं. कुछ दुकानों के शटर नाले के गंदे पानी के संपर्क में रहने से खराब हो गए हैं. वहीं, कई जगह पानी दुकानों के अंदर तक पहुंचने की बात सामने आई है.

जगह-जगह गंदगी का अंबार 
वहां के लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या के साथ सड़क की हालत बहुत खराब है. जगह-जगह गंदगी और कचरा जमा रहने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है. साथ ही उनका आरोप है कि नालियों की हर रोज सफाई नहीं होने के कारण बारिश या गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है. लंबे समय तक पानी खड़ा रहने से आसपास के दुकानदारों का काम पर भी असर हता है.

स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है? 
जिस सड़क पर इतनी ज्यादा गंदगी फैली हुई है, उसे वहां के लोग पैगाम अपार्टमेंट वाली गली के नाम से जानते हैं. लोगों के अनुसार, इस गली के निर्माण और नालियों की सफाई को लेकर कई बार शिकायतें की गईं. पत्राचार भी किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका. स्थानीय लोगों को डर है कि गंदे पानी और जगह-जगह जमा कचरे से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है.

विधायक ने क्या कहा था?  
लोगों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से विकास कार्य शुरू होने का इंतजार है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी कई बार समस्या दूर करने की मांग की गई. लोगों ने बताया कि मौजूदा विधायक की तरफ से नालियों और गलियों के निर्माण का आश्वासन भी मिला था, लेकिन काम शुरू होने में लगातार देरी हो रही है.

आश्वासन नहीं अब जमीन पर काम शुरू होना चाहिए
वहां के लोगों का दावा है कि खराब हालात के कारण कुछ परिवार इलाके से जा चुके हैं. वहीं, आर्थिक कारणों से कई परिवार अभी भी इसी माहौल में रहने को मजबूर हैं. दुकानदारों का कहना है कि अगर सड़क और जलनिकासी व्यवस्था ठीक हो जाए तो इलाके में फिर से कारोबार और आवाजाही सामान्य हो सकती है. फिलहाल वजीराबाद के लोग जलभराव, गंदगी और टूटी सड़कों से राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं. उनका कहना है कि सिर्फ आश्वासन के बजाय अब जमीन पर काम शुरू होना चाहिए.

(दिल्ली से नसीम अहमद की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More