सुबह-सुबह दिल्ली के 2 स्कूलों में बम की धमकी, बच्चों को निकाला गया बाहर, मौके पर पहुंची पुलिस
आज सुबह 9.37 से 9.57 के बीच दिल्ली के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी की कॉल आने के बाद से ही दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है. बच्चों को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाला गया. कई बच्चों के परिजन भी स्कूल में पहुंच गए.
दिल्ली में शुक्रवार 23 अक्टूबर को दो स्कूलों को बस से उड़ाने की धमकी मिली. जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, उसमें वेंकटेश्वर पब्लिक स्कूल और सालवन पब्लिक स्कूल मयूर विहार का नाम शामिल है. इन स्कूलों को धमकी सुबह 9.37 और 9.57 के आसपास मिली है. इसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर की गाड़ियां मौके पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
किन स्कूलों को मिली धमकी?
बता दें कि रोहिणी के वेंकटेश्वर पब्लिक स्कूल और मयूर विहार इलाके में स्थित सालवन पब्लिक स्कूल को सुबह के समय धमकी दी गई. धमकी में स्कूल कैंपस के अंदर बम रखने की बात कही गई थी. जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली कई बच्चों के घर वाले मौके पर पहुंच गए. वहीं बच्चों को सुरक्षित रूप से कक्षाओं से बाहर निकाला गया. दोनों स्कूलों में दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन, स्थानीय थानों की फोर्स, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और डॉग स्क्वॉड की टीमें पहुंची. इस घटना पर बड़े अधिकारियों ने भी दिल्ली पुलिस से अपडेट लिया है.
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां?
राजधानी के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने का ये कोई पहली मामला नहीं है. इसके पहले भी कई बार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. दिल्ली से नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के स्कूलों को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. वहीं दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का मानना है कि ये भी पहले की तरह हॉक्स कॉल यानी कि फर्जी धमकी हो सकती है. इस तरह की धमकियों का मकसद केवल दहशत फैलाना होता है.
पुलिस ने क्या कहा?
शुक्रवार (आज) सुबह मिली धमकी की जांच गहराई से की जा रही है. दिल्ली पुलिस को जब से इस बात की सूचना मिली है वो लगातार जांच कर रही है. वहीं जिस नंबर से स्कूल को उड़ाने की धमकी मिली है उस नंबर की भी जांच की जा रही है. वहीं पुलिस का साफ तौर पर कहना है कि अफवाह फैलाने वाले और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.