)
Delhi News: 2 अक्टूबर यानी कि आज जंतर-मंतर पर अलग-अलग संगठनों की तरफ से प्रदर्शन का ऐलान किया गया है. इसमें आम आदमी पार्टी, लेफ्ट और यूथ कांग्रेस समेत कई पार्टियां शामिल हैं. प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. ऐसा इसलिए है, क्योंकि पुलिस ने प्रोटेस्ट के लिए परमिशन देने से मना कर दिया है.
कहां-कहां सुरक्षा व्यवस्था की गई टाइट
वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई दिल्ली के VVIP इवाकों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. साथ ही अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है. पुलिस की नजर जतंर-मंतर के अलावा आसपास के मेन इलाकों और दिल्ली से सटे यूपी और हरियाणा के बॉर्डर पर भी रहेगी.
क्यों पाबंदियां हुई लागू?
पब्लिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किया गया है. दिल्ली पुलिस के आदेश के अनुसार, बिना लिखित परमिशन के सार्वजनिक सभा, पांच या उससे ज्यादा लोगों का जमावड़ा, जुलूस, प्रदर्शन और धरना जैसी गतिविधियां नहीं की जा सकतीं. दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर भी धारा 163 के तहत जारी आदेश मौजूद हैं.
वहीं पाबंदियों के तहत पब्लिक प्लेस पर बिना परमिशन धरना या पिकेटिंग करने की भी मनाही है. इसके अलावा जुलूस निकालने, नारे लगाने या भाषण देने जैसी चीजों पर भी पूरी तरह से रोक है. आदेश में प्रतिबंधित क्षेत्र के तौर पर पार्लियामेंट स्ट्रीट सब-डिविजन का उल्लेख किया गया है.
ट्रैफिक पर भी असर
2 अक्टूबर को जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक पर भी असर पड़ सकता है. कनॉट प्लेस, पटेल चौक, GPO, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड और पार्लियामेंट स्ट्रीट की तरफ पुलिस ट्रैफिक को कंट्रोल कर सकती है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर नई दिल्ली के लिए अलग ट्रैफिक सर्किल और ट्रैफिक अधिकारियों की जानकारी भी दी गई है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो जरूरी काम होने पर ही प्रभावित रास्तों से गुजरें. गाड़ी चालकों को मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस वालों के निर्देशों और डायवर्जन संकेतों का पालन करने की सलाह दी गई है.
पुलिस हर तरफ रहेगी नजर
इसके अलावा, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस कई जगहों पर बैरिकेडिंग और निगरानी के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखेगी. किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस और सुरक्षाबलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. अधिकारियों का फोकस प्रदर्शन करने वाले लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचने से रोकने और आम लोगों की आवाजाही को नॉर्मल बनाए रखने पर रहेगा.